UP Crime: तीन लुटेरे अरेस्ट, मौज मस्ती के लिए करते थे लूटपाट, कट्टा दिखा देते थे धमकी; सीसीटीवी से पकड़ाए
यूपी के भदोही जिले में कट्टा सटाकर लोगों को ठगने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने अरेस्ट किया है। उनके पास से रुपये नकदी समेत दो तमंचा और कारतूस, चार मोबाइल बरामद किए हैं।
विस्तार
ज्ञानपुर जिले की सर्विलांस टीम और औराई पुलिस ने शनिवार की रात में औराई चीनी मिल के पास से अंर्तजनदीय तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से दो तमंचा और कारतूस, चार मोबाइल, 22 हजार 500 रुपये और घटना में शामिल ऑटो बरामद किया। घटना के खुलासे पर एसपी ने टीम को 25 हजार ईनाम देने की घोषणा किया। पुलिस लाइन सभागार में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने पत्रकारों से घटना का खुलासा किया।
बताया कि बीते 30 जून, 2025 को एकलाख अहमद निवासी मोहल्ला चौधरी नगर वार्ड नंबर 10 घोसिया ने तहरीर दिया कि वह पीएनबी जयरामपुर से दोपहर 12 बजे 49 हजार निकाला। उसी दौरान दो लड़के मिले और कहा कि चाचा हमे भी दो लाख पोस्ट आफिस में जमा करना है। उसे आप जमा करा दें। उसके बाद मेरी स्कूटी पर बैठकर जाने लगे। कुछ दूर जाने पर मेरा 49 हजार लेकर भाग गए।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन की। सीसीटीवी फुटेज आदि खंगाला गया। शनिवार की रात में मुखबीर की सूचना पर पुलिस ने वृद्ध से छलपूर्वक लूट करने वाले अंगद पांडेय निवासी पकरौल दीदारगंज (आजमगढ़), पप्पू पटेल निवासी पश्चिमी तिवारी टोला रुद्रपुर (देवरिया) और रंजीत राजभर निवासी भगवानपुर लंका (वाराणसी) को औराई चीनी मिल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम पर लूटेरों ने फायरिंग भी किया। पुलिस ने तमंचा बरामदगी एवं फायरिंग करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया।
पूछताछ में अंगद पांडेय ने बताया कि हम लोग अपने आर्थिक, भौतिक और दुनियावी लाभ के लिए संगठित गिरोह चलाते हैं। कट्टा और कारतूस अपने बचाव के लिए रखते हैं। इससे से डरा धमका कर भाग जाते हैं। बीते 30 जून को मैं, पप्पू पटेल, रंजीत राजभर ऑटो से बैंक आएं। उसके बाद सुनियोजित तरीके से उस व्यक्ति को अपने बातों में फंसाकर उसकी स्कूटी पर बैठकर माधोसिंह ओवर ब्रिज पूर्वी छोर के पास आएं।
उसी समय रंजीत राजभर ऑटो चलाते हुए आया और कागज को रुमाल में मोड़कर पकड़ा दिया। उस व्यक्ति ने हम लोगों की बात पर विश्वास कर लिया तो उसके बैंक से निकाले हुए 49 हजार ले हमने ले लिए और तमंचा दिखाते हुए भाग गए। एएसपी ने बताया कि उक्त घटना का खुलासा करने पर एसपी ने टीम को 25 हजार पुरस्कार देने की घोषणा किया है।