ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरणों की त्रुटियों में सुधार के लिए परिषद ने एक मौका दिया है। 11 से 25 अक्तूबर की रात 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in खुली रहेगी। प्रधानाचार्य लॉगिन कर 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के शैक्षिक विवरणों जैसे विषय/वर्ग, छात्र के नाम, माता-पिता के नाम में वर्तनी त्रुटि और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक को संशोधित कर सकते हैं। जिले में कुल 193 राजकीय, वित्तपोषित और वित्तविहीन माध्यमिक और इंटर कॉलेज संचालित होते हैं। जुलाई से ही नौवीं, 11वीं का पंजीकरण और 10वीं एवं 12वीं का बोर्ड फार्म भरा जा रहा है। अगस्त और सितंबर में दो बार फार्म भरने की तिथि बढ़ाई गई। इससे करीब-करीब विद्यार्थियों ने फार्म भर लिए हैं। अब बोर्ड ने फार्म में संशोधन के लिए परिषद की वेबसाइट को खोल दी है। 11 से 25 अक्तूबर तक छात्र-छात्राएं इसमें संशोधन कर सकेंगे। डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि छह तरह के संशोधन करवाए जा सकेंगे। विद्यार्थी के नाम, पिता या माता के नाम की वर्तनी में त्रुटि होने पर पर उसे सुधारा जा सकेगा। इसके अलावा विषय या वर्ग में, जेंडर, जाति, फोटो और कक्षा-11 के पंजीकरण में अंकित हाईस्कूल के त्रुटिपूर्ण अनुक्रमांक में संशोधन किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि यदि विद्यार्थी की जन्मतिथि, नाम, पिता या माता के पूर्ण नाम में संशोधन करवाना है तो ऑफलाइन आवेदन करना होगा। इसके लिए छात्र का प्रवेश आवेदन पत्र, एसआर रजिस्टर की प्रमाणित प्रति, उपस्थिति पंजिका की प्रमाणित प्रति, पहचान पत्र, पंजीकरण कार्ड की प्रतिलिपि, हलफनामा, टीसी और प्रधानाचार्य से प्रतिहस्ताक्षरित आवेदन डीआईओएस कार्यालय में जमा करवाने होंगे। यह प्रक्रिया प्रधानाचार्य के जरिये होगी। उसके बाद संशोधन किया जा सकेगा।