UP Accident: छात्रा समेत दो की मौत...नवरात्र के पहले दिन परिवार में मातम; इकलौती बेटी की लाश देख मां बेहोश
Bhadohi News: भदोही के दो थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे की सूचना पाकर माैके पर स्थानीय पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद शवों को कब्जे में ले लिया गया।
विस्तार
Road Accident in Bhadohi: औराई जिले के दो अलग-अलग थानाक्षेत्रों में सोमवार को हुई सड़क दुर्घटनाओं में 12वीं की छात्रा समेत दो की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। पहली घटना घोसियां के बुआजी के इनारा के समीप हुई। जहां ट्रेलर की चपेट में आने से छात्रा शगुन सिंह (17) निवासी जाठी की मौत हो गई।
दूसरी घटना अमवां के पास हुई। जहां चार पहिया की चपेट में आने से रहमान (12) निवासी चमनगंज घोसियां की जान चली गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल परवेज आलम को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
औराई के जाठी निवासी अजय सिंह की बेटी शगुन गोपीगंज एक निजी कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं की छात्रा थी। प्रतिदिन की तरह वह सोमवार को स्कूल से छुट्टी होने पर घर लौट रही थी। बुआजी के इनारा के समीप वह सड़क पार करने लगी। उसी दौरान दो वाहनों को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर लदे ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दिया।
परिजनों में मचा कोहराम
आसपास के लोग उसे एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह अजय सिंह की इकलौती बेटी थी। उसका एक भाई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक समेत ट्रेलर को पुलिस कोतवाली लेकर गई।
घोसियां के चमनगंज तकिया निवासी परवेज आलम पुत्र मोहम्मद मिस्त्री और रहमान पुत्र इश्तियाक सोमवार को बाइक से किसी काम के सिलसिले में गोपीगंज जा रहे थे। जैसे ही गोपीगंज के अमवा अंडरपास के सामने सर्विस लेन पर पहुंचे उसी समय अंडरपास से एक चार पहिया ने टक्कर मार दिया।
इससे दोनो गंभीर रुप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई ले गई। जहां चिकित्सकों ने रहमान को मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।