दुर्गागंज/ऊंज। अपर कृषि अधिकारी जयशंकर पांडेय (57) निवासी नागमलपुर और ग्रामीण गैस एजेंसी संचालक श्याम नारायण लल्लू की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। अपर कृषि अधिकारी की ड्यूटी पंचायत चुनाव में सहायक निर्वाचन अधिकारी के रूप में लगी थी। चुनाव घर लौटने के बाद ही वह बीमार हो गए थे। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि कोरोना से मौत हुई, हालांकि जांच न होने से स्पष्ट नहीं हो सका।
परिवार के सूरज सिंह, संतोष कुमार, कौश, अजीत, हरिशंकर, सुभाष बिंद, संतोष दुबे, रमाकांत यादव ने कहा कि शनिवार की रात अपर कृषि अधिकारी की तबीयत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से अन्यत्र रेफर किया गया। भदोही स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां आक्सीजन न होने की बात कह इलाज से इनकार कर दिया गया। काफी देर तक गिड़गिड़ाते रहे, तब तक उनकी मौत हो गई। इसी तरह कुरमैचा निवासी श्याम नारायण (52) की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें भी सांस लेने में दिक्कत थी। गांव के चिंतामणि यादव, मोके यादव, भूपेंद्र यादव, रमेश यादव, फूलचंद आदि ने नाराजगी जताई कि मामूली रूप से बीमार होने वालों को चिकित्सक वाराणसी या प्रयागराज रेफर कर देते हैं। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि जांच न होने से कोरोना से मौत की पुष्टि नहीं हो सकी।