सीतामढ़ी (भदोही)। पारिवारिक कलह, आर्थिक तंगी और कर्ज से परिवार महिला ने रविवार को बेटी और बेटे के साथ जहर खा लिया। इससे मां सुमन तिवारी (42) और बेटी बेटी कोमल (22) की मौत हो गई। बेटे की हालत गंभीर है। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोईरौना थाना क्षेत्र के अरई गांव निवासी सुनीत तिवारी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। घर में पत्नी सुमन तिवारी के साथ बेटी कोमल, बेटा गोलू (18) और युवराज (20) के साथ परिवार के अन्य सदस्य रह रहते थे। ग्रामीणों के मुताबिक, परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिवार ने गांव में कई समूह से जुड़े लोगों से कर्ज ले रखा था, जो आए दिन तगादा करने आते थे। इस पर आपस में विवाद होता था। रविवार सुबह भी घर में विवाद हुआ था। इसके बाद ही मां सुमन तिवारी ने बेटी कोमल और बेटे गोलू के साथ जहर खा लिया। इससे तीनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजन मां-बेटी को निजी अस्पताल और बेटे को डीघ सीएचसी लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ डीघ सीएचसी में भर्ती गोलू की हालत भी बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर कोइरौना थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। गहनता से छानबीन के साथ परिजनों से जानकारी भी ली गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक सुनीता के घर से कीटनाशक दवाओं का खाली रैपर मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।