ज्ञानपुर। विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान कार्मिकों के दूसरे चरण के प्रशिक्षण की तिथि घोषित हो गई। 25 से 28 फरवरी तक सेंट थॉमस स्कूल में प्रशिक्षण होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी आर्यका अखौरी संग सामान्य प्रेक्षकों ने चुनाव की तैयारियों को परखा।
भदोही विधानसभा के प्रेक्षक डॉ. मोहन लाल यादव, ज्ञानपुर की अंजू चौधरी और औराई के डॉ. टीजी विनय की देखरेख में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कार्मिकों के नियुक्ति आदेश का दूसरा रैंडमाइजेशन किया। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अभिषेक कुमार मिश्रा ने बताया कि 25 फरवरी को पार्टी संख्या एक से 190 तक प्रथम पाली, 191 से 380 तक दूसरी पाली, 26 फरवरी को 381 से 570 तक प्रथम पाली, 571 से 760 द्वितीय पाली, 27 फरवरी को 761 से 950 प्रथम पाली, 951 से 1140 तक द्वितीय पाली, 28 फरवरी को 1141 से 1330 प्रथम पाली, 1331 से 1514 तक द्वितीय पाली का प्रशिक्षण सेंट थॉमस स्कूल में होगा। प्रथम पाली का प्रशिक्षण सुबह नौ से दोपहर 12 बजे जबकि दूसरी पाली का दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियां छह मार्च को सुबह सात बजे कलेक्ट्रेट परिसर से मतदान स्थल पर रवाना होंगी। इसके बाद प्रेक्षकों ने नामांकन कक्ष, स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, एडीएम शैलेंद्र मिश्र, विकास सिंह, रणविजय सिंह आदि रहे।