वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर सोमवार को सुबह ट्रक-बोलेरो की हुई टक्कर में दर्शनार्थी बाल-बाल बच गए। मामूली रूप से घायल महिला दर्शनार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
सुरेश कुमार निवासी रवंडा कुंडा, प्रतापगढ़ ने बताया कि परिवार की रेनू देवी, रीना देवी, सावित्री देवी समेत छह लोगों के साथ बोलेरो से विंध्याचल धाम दर्शन-पूजन करके लौट रहे थे। भोर में लगभग चार बजे गोपीगंज कोतवाली के सामने पहुंचने पर पहले से खड़े ट्रक में बोलेरो टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में बोलेरो में बैठे लोगों को मामूली चोटें आईं। घायलों को प्राथमिक उपचार कराकर दूसरे वाहन से प्रतापगढ़ रवाना कर दिया गया। घटना स्थल पर जुटे लोगों ने आरोप लगाया कि कोतवाली के सामने उत्तरी-दक्षिणी लेन पर अतिक्रमण के लिए पुलिस जिम्मेदार है। दो वर्ष से हाईवे पर हुआ अतिक्रमण किसी भी दिन बड़ी अनहोनी का कारण बन सकता है। क्षेत्राधिकारी यातायात रामलखन मिश्रा ने बताया कि कई ऐसे वाहन हैं, जिनका मामला कोर्ट में लंबित होने के कारण नहीं हटाए जा सकते हैं। कुछ वाहन नीलामी कराकर हटाए जाने हैं, इसके लिए पुलिस अधीक्षक तक मामला पहुंचा दिया गया है। लालानगर टोलप्लाजा के क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र कुशवाहा ने बताया कि अतिक्रमण की शिकायत मिली है। अतिक्रमण हटवाने के लिए परियोजना प्रबंधक प्रयागराज को पत्र भेजा जाएगा।