ज्ञानपुर। ठेकेदार और पूर्ति निरीक्षकों के तालमेल के खिलाफ कोटेदार संघ मुखर हो गया है। कोटेदार संघ ने मंगलवार को अनाज में घटतौली की शिकायत सीएम पोर्टल पर करते हुए जांच की मांग की है। जिले की 546 ग्राम पंचायतों और सात नगर निकायों में कुल 730 कोटे की दुकानें हैं। यहां अंत्योदय और पात्र गृहस्थी के सवा तीन लाख कार्डधारकों को अनाज दिया जाता है। कालाबाजारी को रोकने के लिए सिंगल स्टेज डोर-टू-स्टेम डिलिवरी व्यवस्था को लागू की गई, लेकिन आरोप है कि पूर्ति विभाग और ठेकेदारों के तालमेल से गोदाम से दुकान तक पहुंचने वाली बोरियों में तीन से पांच किलो तक अनाज कम होता है। कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष गिरजाशंकर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की गई है। एसडीएम ज्ञानपुर योगेंद्र कुमार ने कहा कि कुछ कोटेदारों ने घटतौली की शिकायत की है। राजस्व टीम के माध्यम से इसकी जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर ठेकेदार के खिलाफ पत्र लिखा जाएगा। सुरियावां। ब्लॉक क्षेत्र के लाभार्थियों को प्रति कार्ड एक यूनिट अनाज कम मिलने का मामला थम नहीं रहा है। लाभार्थी अमरनाथ, सुशीला देवी, रमेश, सुरेश, आनंद, मोहन, जोखन ने डीएम का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि यदि कोटेदारों को मिलने वाले अनाज की जांच की जाए हकीकत सामने आएगी। उधर, अभोली ब्लॉक कोटेदार संघ के अध्यक्ष रमेशचंद्र पांडेय, कोटेदार विवेक दुबे, रामदुलार यादव, महेंद्र कुमार मोदनवाल, संजय पांडेय, प्रकाश शुक्ला, अजय शुक्ला, त्रिभुवन बिंद ने उठान व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताई।