ज्ञानपुर। जिला पंचायत सभागार में मंगलवार को उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम पांडेय की अध्यक्षता में सिंचाई बंधु की बैठक आयोजित की गई। इसमें नहरों में समय पर पानी छोड़ने, खराब नलकूप को दुरुस्त करने और बिजली आपूर्ति बेहतर करने पर चर्चा की गई। गेहूं की सिंचाई के लिए नहरों में हर हाल में 25 दिसंबर तक पानी छोड़ने की मांग की गई। मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ल ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। बिजली निगम, नहर, नलकूप समेत अन्य विभाग के अधिकारी इसका ध्यान दें। उन्होंने सिंचाई बंधु की बैठक में न आने वाले अधिकारियों को हिदायत दी। कहा कि आगामी बैठक में वह स्वयं शामिल होकर समस्याएं सुनें। डीडीओ ज्ञान प्रकाश ने किसानों की समस्याएं सुनकर उसके निस्तारण का आश्वासन दिया। सिंचाई बंधु समिति के सदस्य मल्लूराम बिंद ने कहा कि गांव में बिजली निगम के अधिकारी सड़क पर ही खंभे लगा रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाएं भी बढ़ती हैं। दानूपुर बाजार में नीम के पेड़ में स्ट्रीट लाइट लगाने की बात भी कही। सीडीओ और डीडीओ ने इसे सही कराने का निर्देश दिया। अधिशासी अभियंता सिंचाई सुधीर कुमार पाल ने बताया कि अभी नहरों में सिल्ट सफाई का कार्य चल रहा है। 25 दिसंबर तक ही नहरों में पानी छोड़ा जा सकेगा। इस मौके पर एके चौबे, एई नहर राॅबिन वर्मा, एई नलकूप सुरेश कुमार, एडीओ कृषि विनय कुमार मौर्य, सुनील कुमार, लक्ष्मीशंकर द्विवेदी, सुशील मौर्य, अशोक यादव, हृदयतोष उपाध्याय आदि रहे।