ज्ञानपुर। डीघ विकास खंड में तैनात स्वच्छताग्रहियों ने मंगलवार को समय से मानदेय का भुगतान करने आदि मांगों को लेकर सदर तहसील पर प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद को ज्ञापन देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें सरकार की योजनाओं की हकीकत खंगालने की जिम्मेदारी दी गई है। जब मानदेय भुगतान का समय आता है तो अधिकारी और कर्मचारी हीलाहवाली करने लगते हैं। कभी मस्टर रोल गायब करना तो कभी कर्मचारी के छुट्टी पर रहने का बहाना बनाया जाता है। मांग की गई कि प्रत्येक माह की 30 तारीख तक मानदेय का भुगतान स्लिप से कराया जाए। जिले के सभी स्वच्छताग्रहियों को प्रमाणपत्र दिया जाए। बड़े अधिकारियों के साथ प्रत्येक माह बैठक हो, भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों, कर्मचारियों को बर्खास्त किया जाए। पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण या अन्य विभागों से जारी पत्रों का सही निर्वहन कराया जाए, सामुदायिक शौचालय में सफाईकर्मी की जिम्मेदारी स्वच्छताग्रही को मिले, मानदेय का भुगतान विकास भवन स्थित इलाहाबाद बैंक से किया जाए। प्रदर्शन में संदेश कुमार मौर्या, अनिल तिवारी, शिवशंकर बिंद, राजेंद्र प्रसाद, संतोष कुमार, राजाराम पाल, रत्नेश पांडेय, संजय तिवारी, अखिलेश, अजय कुमार, मनोज राव, निखिलेश सिंह आदि रहे। संवाद