खेल दिवस पर विशेषः भदोही के कई खिलाड़ी राष्ट्रीय फलक पर लहरा रहे सफलता का परचम
धावक श्याम मिलन बिन्द ने 19वें फेडरेशन कप के एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर रेस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
विस्तार
कालीन नगरी से प्रसिद्ध भदोही के युवा अब विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में भी मेडल जीत रहे हैं। इन्हीं में से एक हैं जिले के युवा धावक श्याम मिलन बिन्द जिन्होंने इसी साल पंजाब के संगरूर में आयोजित हुए 19वें नेशनल फेडरेशन कप में रजत पदक जीता है।
दरअसल, श्याम मिलन ने 19वें फेडरेशन कप के एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर रेस प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा श्याम मिलन ने 2017 में विशाखापट्टनम में आयोजित हुए नेशनल गेम के अंडर 20 रेस में दूसरा स्थान प्राप्त करके रजत पदक जीता था।
इसके अलावा श्याम मिलन असम में हुए नेशनल गेम प्रतियोगिता में दो बार दूसरा स्थान प्राप्त करके रजत पदक जी चुके हैं। इस संबंध में श्याम मिलन ने बताया कि इस साल नवंबर में असम में होने वाले नेशनल एथलेटिक्स गेम में गोल्ड मेडल जीतकर वह अंतराष्ट्रीय खेलों के लिए क्वालीफाई करना चाहते हैं।
इसके अलावा जिले के मदनपुर गांव की रहने वाली युवा खिलाड़ी कोमल बिंद ने भी राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर जिले का नाम सम्मान की सूची में अंकित कराया है। सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने वाली कोमल की बचपन से ही खेल में विशेष रुचि रही है।
कोमल ने इसी साल पंजाब के संगरूर जिले में आयोजित हुए 19वें नेशनल फेडरेशन कप जूनियर अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाला फेंक में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। कोमल बिंद ने बताया कि उनका एक ही सपना है कि वह ओलंपिक खेलों में भाग लेकर गोल्ड मेडल जीते और अपने देश और जिले का नाम ऊंचा करें।