ज्ञानपुर। जिले में लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को व्यवस्था कुछ इलाकों में फेल हो जा रही है। गरीबों की सहायता संग मास्क आदि के वितरण में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो रहा है। अनाज, दवा की कुछ दुकानों की स्थिति ठीक है, लेकिन अधिकांश पर लापरवाही की जा रही है। जिससे आने वाले समय में मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
कोरोना वायरस महामारी को लेकर देश में 21 दिनों की लॉकडाउन की घोषणा की गई है। जिले में सुबह और दोपहर में स्थिति सामान्य रहती है लेकिन शाम के समय दुकानों पर पाबंदी बेअसर हो जाती है। जगह-जगह लोगों की भीड़ होने संग दुकानों पर भी लापरवाही बरती जाती है। पांच फीट की जगह में 10 से 15 लोग सामान लेने के लिए एक दूसरे से सटे रहते हैं। कुछ लोग इसका विरोध करते हैं लेकिन बाद में वह भी चुप हो जाते हैं। समाजसेवा के नाम पर क्षेत्रों में मास्क, सैनिटाइजर वितरण में भी सोशल डिस्टेंसिंग तार-तार हो रही है। मुश्किल से लोग एक फिट की दूरी पर खड़े हो जाते हैं। दुर्गागंज बाजार समेत आसपास के गांवों में स्थिति काफी विकट है। पुलिस की ओर से सख्ती न होने से बड़ी संख्या में लोग शाम को एक जगह एकत्रित हो जाते हैं। समय रहते ध्यान न दिया गया तो आने वाले समय में यह एक जटिल समस्या हो जाएगी।