भदोही। विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर मंगलवार सिविल लाइन स्थित विद्युत कार्यालय पर धरना देकर ऊर्जा मंत्री विरोधी नारे लगाए। संगठन के मंडल अध्यक्ष रामानंद सिंह कुशवाहा ने कहा कि विद्युत विभाग का निजीकरण करने से लाखो कर्मियों का उत्पीड़न होगा। बेरोजगारी बढ़ेगी। हम अंतिम सांस तक नि जीकरण का विरोध करेंगे। शाम 4 बजे से एक घंटे तक चले संकेतिक धरना में कर्मियो ने निजीकरण रोकने की मांग की।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि निजीकरण के खिलाफ आरपार की लड़ाई का समय आ गया है। सभी कर्मी प्रतिदिन सायं एक घंटे विभागीय कार्यालय पर विरोध जताएंगे। दूसरे वक्ताओं ने कहा कि हम लोग जान हथेली पर रखकर काम करते है। इसके बाद भी सरकार हम सबके मानसिक उत्पीड़न पर उतर आई है। एक घंटे धरना के दौरान कर्मियों ने अपनी दूसरी समस्याएं भी रखी। धरना देने वालों में इंद्रेश कुमार, राजकुमार सिंह, मंसूर अली, पवन कुमार, राजेश पटेल, हरिश्चंद्र, जगदीश गौड़, हरिओम शंकर, नरायण यादव आदि शामिल रहे।