ज्ञानपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार के निर्देश पर रविवार को जिले के निकाय सहित ग्रामीण अंचल के विभिन्न बूथों पर विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान तहत स्पेशल बूथ डे का आयोजन किया गया। चार नवंबर से चल रहे अभियान में रविवार तक कुल लगभग साढ़े आठ लाख से अधिक (लगभग 70 प्रतिशत) डिजिटाइज्ड हुआ। ज्ञानपुर के प्राथमिक विद्यालय सोनखरी ज्ञानपुर, सीखापुर कंपोजिट विद्यालय पर बने आदि बूथों का डीएम शैलेष कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ और स्पोटिंग स्टॉफ की हौसला अफजाई की। बताया कि जनपद के सभी 1256 मतदान स्थल (बूथों) पर कुल 12,33,324 मतदाता हैं। 29 नवंबर तक तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 764801 (62.01 प्रतिशत) डिजिटाइज्ड के सापेक्ष स्पेशल बूथ डे 30 नवंबर तक साढ़े आठ लाख से अधिक (लगभग 70 प्रतिशत) के नाम डिजिटाइज्ड हुए हैं। ग्राम सचिवालयों, ब्लाॅक कार्यालयों, तहसीलों और नगरीय निकायों के कार्यालयों में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। जहां मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्र को भरने, एकत्रीकरण व डिजिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर संपादित किया जा रहा है। प्राप्त प्रपत्रों का एकत्रीकरण एवं डिजिटाइजेशन भी उसी दिन हो रहा है। समीक्षा के दौरान डीएम ने जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एसआईआर के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।