होली पर्व को देखते हुए उपजिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बुधवार को खाद्य एवं रसद विभाग और आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मिलावट का सामान बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान एक दर्जन किराना, मिष्ठान और शराब की दुकानों पर छापा मारकर जांच की गई। जांच के दौरान मिलावट का संदेह होने पर चार दुकानों से नमूने भी लिए गए। अभियान से नगर के दुकानदारों में खलबली मची रही।
एसडीएम ने कहा कि होली के दौरान मिलावट खोर सक्रिय हो जाते हैं। मिठाई, पनीर, दूध, खोवा हो व अन्य किराना सामानों के रखरखाव के लिए गाइडलाइन है। इसका दुकानदार पालन नहीं करते हैं। होली के दौरान उपभोक्ता हितों के संरक्षण के लिए अभियान चलाया जाता है। उन्होंने बताया कि इंदिरा मिल चौराहा, नेशनल स्कूल तिराहा, भदोही नगर के स्टेशन रोड, चौरी रोड पर जांच अभियान चलाया गया। साथ में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के अलावा आबकारी अधिकारी गुलाब सिंह भी थे। उन्होंने बताया कि चार मिठाई और किराना दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि शराब की दुकानों पर भी कमियां मिलीं। उन्हें चेतावनी दी गई है। कहा गया है कि किसी प्रकार के मिलावट या घटतौली की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।