भदोही में दर्दनाक हादसा: डीजे में फंसा बाइक चालक, 200 मीटर घसीटा, भतीजे की मौत, चाचा घायल; मची चीख-पुकार
Accident News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में हादसे की सूचना पाकर माैके पर पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। रास्ते में ही युवक की माैत हो गई। घायल चाचा का इलाज जारी हो गया था।
विस्तार
UP Accident News: भदोही के औराई कोतवाली के इटावा में बरात से लौटते समय एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बीती रात इटवा पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड पर हुआ।
औराई के महदेपुर गांव निवासी प्रदीप मौर्या (32) अपने चाचा जयहिंद मौर्या (38) के साथ बाइक से हरीरामपुर, भदोही बारात में शामिल होने गया था। लौटते समय जब वे इटवा पेट्रोल पंप के पास सर्विस रोड पर उतर रहे थे, तभी उसी दिशा में तेज रफ्तार में आ रही एक डीजे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
परिजनों में मचा कोहराम
हादसे में चाचा जयहिंद बाइक से उछलकर दूर जा गिरे, जबकि प्रदीप बाइक सहित डीजे वाहन के साथ घसीटता चला गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही औराई पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चाचा की मदद से घर वालों को सूचित किया।
परिजन तत्काल घायल प्रदीप को इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।