कौलापुर। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रेल खंड स्थित फाटक संख्या 42 एसी मंगलवार को मेगा ब्लॉक के कारण लगभग सात घंटे तक बंद रहा। इससे कौलापुर-सेमराध मार्ग पर आवागमन करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बाइक और साइकिल सवारों ने जोखिम उठाकर ट्रैक पार किया तो ट्रैक्टर, आटोरिक्शा, माल वाहन, ट्रक, डंपर आदि बड़े वाहनों के चालक रास्ता बदल कर गतंव्य तक पहुंचे। रेल खंड पर रेल विकास निगम की ओर से दोहरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेलवे फाटक बंद रहने की जानकारी आम लोगों को नहीं थी लिहाजा इस माग से गुजरने वाले चारपहिया वाहन चालकों ने फाटक बंद देख कर पहले इंतजार किया लेकिन जब पता चला कि दोहरीकरण कार्य के चलते देर तक रेलवे फाटक बंद रहेगा तो वे रास्ता बदल कर जाने लगे । जबकि बाइक सवारों ने जोखिम उठा कर ट्रैक पार किया। इस रेलवे फाटक से होकर क्षेत्र के लगभग 30 गांवों के लोग सीधे राजमार्ग को पहुंचते हैं। कौलापुर से बिहरोजपुर घाट, गोपीगंज से धनापुरी, तिलंगा, बदरी इब्राहिमपुर, गुलौरी, सेमराध, बैरीबीसा को जा रहे राजकुमार, मनीषा सिंह, प्रवीण सिंह, मनोज कुमार, अरविंद सिंह आदि ने कहा कि अगर मेगा ब्लाक के चलते रेलवे फाटक बंद करना था तो यह सूचना सार्वजनिक करनी चाहिए थी ताकि लोग परेशान न हों। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह ने बताया कि निगम की ओर से मेगा ब्लॉक के लिए लिखित सूचना देने पर ही कार्य कराया जा रहा है। कोतवाल केके सिंह ने कहा कि सोमवार को जानकारी मिली थी और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी रेलवे फाटक पर तैनात कर दिए गए हैं।