भदोही: विधायक विजय मिश्र के फरार बेटे के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज, अवैध असलहा मिलने पर की कार्रवाई
अवैध असलहा मिलने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। मंगलवार को एसटीएफ और पुलिस ने गिरफ्तारी के विधायक के गनर के घर पर दबिश दी थी। लेकिन उससे पहले विधायक का बेटा फरार हो गया था, लेकिन गनर को गिरफ्तार कर लिया था। घर से अवैध असलहे भी बरामद हुए थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भदोही जिले के ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र के फरार चल रहे बेटे विष्णु मिश्र के खिलाफ मंगलवार की रात एक और मुकदमा दर्ज हो गया। विधायक के करीबी ग्राम प्रधान और गनर चंदन तिवारी के घर पर मिले अवैध असलहा के मामले में एसटीएफ ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया। प्रधान के निशानदेही पर एसटीएफ ने कई स्थानों पर दबिश भी दी, हालांकि हाथ खाली ही रहे।
कौलापुर निवासी विधायक के रिश्तेदार कृष्ण मोहन तिवारी ने एक साल पूर्व जुलाई 2020 में विधायक विजय मिश्र, एमएलसी रामलली मिश्र, बेटे विष्णु मिश्र पर जमीन, घर और फर्म हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया था। 14 अगस्त को एमपी के आगर से विधायक को गिरफ्तार किया गया जबकि एमएलसी को हाईकोर्ट से जमानत मिली है।
गायिका ने दर्ज कराया था दुष्कर्म का मुकदमा
बेटा विष्णु मिश्र अभी तक फरार है। उसके खिलाफ कुर्की का नोटिस आदि भी चस्पा किया गया है। विधायक के जेल जाने के बाद वाराणसी की एक गायिका ने सामूहिक दुष्कर्म, व्यापारी ने धमकी, ग्राम प्रधान ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। माह भर पूर्व विधायक पर दर्ज मुकदमें की विवेचना की जिम्मेदारी एसटीएफ को सौंप दी गई। मंगलवार को मुखबीर की सूचना पर एसटीएफ ने ग्राम प्रधान आनापुर चंदन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। उसके घर से नौ एमएम का पिस्टल बरामद किए।
एसटीएफ ने उसे विधायक का गनर और विष्णु का सहयोगी बताया। एसटीएफ के मुताबिक विष्णु मिश्र आनापुर में ही कई दिनों से ठहरा था, लेकिन हाथ नहीं लगा। ग्राम प्रधान के बयान पर पुलिस ने विष्णु मिश्र के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। ग्राम प्रधान की निशानदेही पर एसटीएफ ने कौलापुर, फकीरपुर सहित तीन गांवों में दबिश दी, लेकिन विधायक का पुत्र हाथ नहीं लगा।
वहीं दूसरी ओर मेडिकल मुआयना के बाद ग्राम प्रधान को जेल भेजा गया। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि एसटीएफ पूरे मुकदमे की विवेचना कर रही है। अवैध पिस्टल मिलने के मामले में विधायक पुत्र पर मुकदमा दर्ज किया गया। एसटीएफ उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।