ज्ञानपुर। शासन के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने सुरियावां क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर चल रही सरकारी, निजी रासायनिक खाद गोदामों का औचक निरीक्षण करते नमूना एकत्रित किया। टीम के इस कार्रवाई से जहां जिम्मेदारों में हड़कंप मचा रहा वहीं मिलावटखोरी के साथ कालाबाजारी में लगे बिचौलिए दुकानें बंद कर इधर-उधर भागते नजर आए। बताते हैं कि धान की रोपाई का क्रम शुरु होते ही निजी दुकानों पर रासायनिक खाद, बीज, कीटनाशकों की खेप पहुंचने और कि सानों में महंगे दर बेचने की शिकायत काफी दिनों से शासन स्तर पर पहुंचाई जा रही थी जिसको गंभीरता से लेकर उक्त कदम उठाने का निर्देश जारी कर दिया। उप कृषि निदेशक के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम अभियान चलाकर सरकारी और निजी रासायनिक दुकान संचालकों के गोदामों में छापेमारी शुरू कर यूरिया, डीएपी, पोटाश का आधा दर्जन दुकानों, सहकारी समितियों से नमूना लिया। चेतावनी दिया है कि सहकारी समितियों में खादों की कमी नहीं है, बावजूद इसके जिम्मेदार गड़बड़ी करते पाएंगे जाएंगे तो बख्शा नहीं जाएगा वहीं निजी दुकान संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएपी, यूरिया, पोटाश, कैल्शियम नाइट्रेट, जिंक सल्फेट के तीन नमूने जांच के लिए भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट आने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई संभव होगी।