खरीफ सीजन में खाद-बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए रविवार को कृषि विभाग की टीम ने तीन तहसील के क्षेत्रों में छापामार कर 34 दुकानों की जांच की। इसमें आठ दुकानों पर खामियां मिलने पर संचालकों को नोटिस जारी की गई। तीन दिनों में स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया। धान की रोपाई के बाद यूरिया की मांग बढ़ गई है। सरकारी केंद्रों पर किसानों को खाद न मिलने पर वह निजी दुकानों से खरीद कर रहे हैं। संचालक शासन से तय कीमत से अधिक वसूल रहे हैं। जिसकी शिकायत पर डीएम ने कृषि विभाग को जांच का निर्देश दिया। जिला कृषि अधिकारी अशोक प्रजापति ने भदोही तहसील की 21 दुकानों की जांच की। इसमें गायत्री उर्वरक केंद्र सुरियावां बंद मिला जबकि किसान खाद भंडार रजपुरा और गोविंद यादव खाद-बीज भंडार इंदिरा मिल में अभिलेख सही नहीं मिले। तीनों दुकानों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने ज्ञानपुर तहसील में पांच दुकानों की जांच की। जिसमें साईं एग्रो सीड्स थानीपुर, मौर्य बीज भंडार दौड़ियाही जंगीगज और किसान बीज भंडार पटेल नगर ज्ञानपुर में कमी मिली। तीनों दुकान संचालकों को नोटिस दिया। औराई में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी रत्नेश सिंह ने आठ दुकानों की जांच की। जिसमें दो दुकानों में कमी मिलने पर नोटिस दिया। कृषि अधिकारी ने दुकानदारों को चेतावनी दिया कि किसानों को तय कीमत पर खाद दें। सभी अभिलेख दुरुस्त रखें। भविष्य में कमी मिलने पर दुकान का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।