UP: लापरवाही पड़ी भारी...तीसरी मंजिल से गिरे मजदूर की मौत, मकान मालिक का बेटा घायल; हादसे के बाद बवाल
हादसे की सूचना पाकर माैके पर कोतवाली की पुलिस भी पहुंच गई। आसपास के लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। यहां मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, बालक का इलाज शुरू हो गया था।
विस्तार
UP Accident News: भदोही के कोतवाली क्षेत्र के घोसिया नगर के वार्ड नंबर नौ में बुधवार को निर्माणाधीन मकान का बारजा गिरने से मजदूर की मौत हो गई। वहीं, मकान मालिका का लड़का गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों मकान की तीसरी मंजिल पर बने पांच इंच की दिवार के सहारे खड़े होकर रस्सी से ड्रम खिंच रहे थे। घायल युवक का गोपीगंज के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
औराई थाना क्षेत्र के नगर पंचायत घोसिया वार्ड नंबर नौ निवासी जामा मस्जिद के बगल सोखु का तीसरा मंजिला मकान बन रहा है। बुधवार की सुबह लगभग 11 बजे छत पर काम चल रहा था।
तीसरी मंजिल पर पानी भरने के लिए झारखंड निवासी ठेकेदार रुस्तम ने मजदूर राजकुमार गौतम (48) को रस्सी के सहारे नीचे से ड्रम को खिंचने के लिए कहा। सायर उगापुर निवासी मजदूर राजकुमार गौतम मकान मालिक के बेटे मोनू (25) के साथ मिलकर तीसरी मंजिल की छत पर खड़े होकर पांच इंच के बारजे के सहारे रस्सी से ड्रम को खींच रहे थे।
परिजनों में मचा कोहराम
इस बीच अचानक दिवाल टूट गई। दोनों एक साथ तीसरी मंजिल से दो मंजिल नीचे टीनशेड पर आ गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मकान मालिक ने बिना किसी को सूचना दिए दोनों को गोपीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मजदूर राजकुमार की मौत हो गई।
मजदूर के मौत की सूचना जब परिजनों को मिली तो वे शव को लेकर मकान मालिक के दरवाजे पहुंच गए और हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी चन्दकलाल का रो-रोकर बुरा हाल रहा। घटना की जानकारी होते ही ठेकेदार रुस्तम भाग खड़ा हुआ। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।