ज्ञानपुर। औराई ब्लॉक के पूरे प्रताप-पूरेशंभू गांव निवासियों ने शनिवार को मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर मतदाता सूची से गायब नामों को जोड़वाने की मांग डीएम आर्यका अखौरी से की। सैकड़ों की संख्या में एकजुट ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आठ अक्तूबर 2020 को मुकेश लाल पुत्र हरिश्चंद्र नगर पालिका परिषद के सभासद पद से त्यागपत्र देकर पूरेप्रताप गांव में मकान बनाकर रहने लगा। गांववासियों के साथ उसने वोटर, आधार, जाति, आय, निवास बनवाकर मतदाता सूची में शामिल रहा। मनबढ़ निवर्तमान प्रधानपति ने राजनीतिक कसर निकालने के लिए पूरे कुनबे को मतदाता सूची से नाम कटवा दिया। तहसील और ब्लाक अधिकारियों से हुई शिकायत पर जांच हुई लेकिन मनबढ़ प्रधानपति के आगे अधिकारी बेबस होकर ग्रामीणों की नहीं सुन रहे हैं। पूर्व के चुनाव तक ग्रामीणों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया लेकिन त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उन्हें वंचित किया जा रहा है।
डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि मामले की जांच कराकर ग्रामवासियों की समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामटहल बिंद, संतोष बिंद, कल्लू बिंद, राजेश कुमार, शारदा बिंद, हीरालाल सरोज, कलावती देवी, भगना देवी, शकुंतला देवी, कुसुम देवी, मैना देवी, राजकुमारी, गुड़िया आदि रहीं।