ज्ञानपुर। शारदीय नवरात्र पर मिशन शक्ति अभियान के फेज-6 का सोमवार को शुभारंभ हुआ। पुलिस लाइन में एसपी अभिनव त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को रवाना किया। यह मार्च दुर्गागंज तिराहा, ज्ञानपुर से पुलिस लाइन, ज्ञानपुर तक गया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, महिला पुलिसकर्मी और स्कूल की छात्राओं ने हिस्सा लिया।
मार्च में महिला पुलिसकर्मियों ने स्लोगन लिखी तख्तियां लीं। उन्होंने नागरिकों से संवाद कर वीमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076, महिला हेल्पलाइन-181 और चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 जैसे सरकारी सहायता नंबरों, कानूनी अधिकारों और सुरक्षा योजनाओं के पर्चे बांटे। एसपी ने बताया कि मिशन शक्ति फेज 6.0 के तहत पुलिस गांवों, कस्बों और स्कूलों में चौपाल लगाकर महिलाओं को उनके अधिकारों व सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक कर रही है।