ज्ञानपुर। लूट के कई मामलों में वांछित 10 हजार का इनामी बदमाश सनी भारती उर्फ सनी देवल पुलिस के हत्थे चढ़ गया। प्रयागराज जिले के बनकट-सदरेपुर निवासी बदमाश को क्राइम ब्रांच और ऊंज थाने की पुलिस ने सोमवार की देर शाम रोही बाजार से गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर 4700 नकद, दो बाइक, मोबाइल समेत एक पिस्टल, कारतूस बरामद किया गया। मंगलवार को एएसपी आरके वर्मा ने आरोपी को पुलिस लाइन में मीडिया के समक्ष पेश करते हुए बताया कि रोही बाजार में गत दिनों स्वर्ण व्यापारी से हुई लूट की घटना के बाद से ही पुलिस लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए लगी थी। एक साथी को गत माह गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर सनी को रोही बाजार से गिरफ्तार करने में सफलता मिली। कड़ाई से हुई पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आधा दर्जन युवकों के साथ वह जौनपुर, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही, प्रयागराज जिलों में रेलवे स्टेशन, बैंक, बड़ी दुकानें, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिह्नित कर लूट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। हाथ लगने वाले सामान को सस्ते दामों में बेच कर शौक पूरा करता था। गत जुलाई में भीटी ओवरब्रिज के पास लगभग नौ बजे रात एक व्यक्ति को रोककर बाइक लूट ली थी, जिसे बेचने पर उसके हिस्से में छह हजार रुपये मिले थे। 1300 खर्च होने के बाद 4700 रुपये बचाकर रखा था। एएसपी आरके वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार सनी के खिलाफ थाना ऊंज और ज्ञानपुर कोतवाली में भी मुकदमा दर्ज है।