ज्ञानपुर। विधानसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए कार्मिकों का प्रशिक्षण बुधवार से शुरू हो गया। सेंट थॉमस स्कूल में शुरू हुए प्रशिक्षण के पहले दिन कार्मिकों को मास्टर ट्रेनरों ने ईवीएम और वीवीपैट के बारे में बताया। कहा कि मतदान से एक घंटे पहले मॉक पोल शुरू करा लें। मॉक पोल के कंट्रोल यूनिट को क्लीयर जरूर करें। पॉक पोल पर्चियों को वीवीपैट के ड्राप बाक्स से निकालकर पर्चियों के पीछे मुहर लगाएं और काले लिफाफे में रखकर सील कर लें। प्रशिक्षण कार्यक्रम का जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने जायजा लिया। सभी से कहा कि मन लगाकर प्रशिक्षण लें। उन्होने वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र आदि को भी देखा। प्रभारी अधिकारी कार्मिक मुख्य विकास अधिकारी भानु प्रताप सिंह ने कहा कि सभी मतदान कार्मिक ईवीएम व वीवीपैट के परिचालन, कनेक्शन, मॉकपोल आदि को भली-भांति समझ लें, जिससे मतदान को अच्छी तरह संचालित किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान सभी कमरों में प्रोजेक्टर लगाए गए थे। जिस पर वीडियो व पीपीटी के माध्यम से संचालित प्रशिक्षण की व्यवस्था का निरीक्षण करते समय मतदान कार्मिकों से प्रश्न पूछते हुए उनके जानकारी का परीक्षण भी किया गया। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि मॉक पोल की पर्ची को सील करें। फिर इसे प्लास्टिक के डिब्बे में रखकर पिंक पेपर से सील करें। ईवीएम, वीवीपैट कनेक्शन आदि के बारे में भी बताया गया। मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं व उनके समाधान पर चर्चा की गई। चैलेंज वोट, टेंडर वोट, कम्पेनियन, पीठासीन की डायरी, मतदान अभिकर्ता के फार्म, मतपत्र लेखा, मतदाता रजिस्टर आदि पर भी चर्चा हुई। मास्टर टेनरों ने प्रतिभागियों को मशीन को कनेक्ट कराने का अभ्यास कराया। सीडीओ ने बताया कि प्रथम पाली में छह और द्वितीय पाली में दो कार्मिक अनुपस्थित रहे। उन्हें तीन फरवरी को प्रशिक्षण में आने का मौका दिया गया है। न आने पर एफआईआर कराई जाएगी। इस मौके पर डीआईओएस नंदलाल गुप्ता, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह आदि मौजूद थे।