ज्ञानपुर। पुलिस ने बृहस्पतिवार को जंगीगंज निवासी सराफा कारोबारी से 25 लाख लूट मामले में पांच आरोपियों को प्रयागराज और प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया। उनके पास से 9.267 किलो चांदी बरामद की। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ताकर बताया कि सात जुलाई को सराफा कारोबारी विकास सोनी निवासी महुआरी (धनीपुर) से लूट की घटना हुई थी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास व मार्ग पर लगे सीसी फुटेज की मदद से प्रकरण की गहनता से जांच की। स्वाट, गोपीगंज और सुरियावां थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने 16 जुलाई की रात में कठौता-सुरियावां मार्ग पर पीछा करते हुए प्राथमिक विद्यालय चकसहाब के समीप घेराबंदी कर मुठभेड़ में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस टीम ने लूट की घटना में शामिल आरोपी अंशु कुमार दुबे, सत्यम पटेल निवासी कसारी नवाबगंज प्रयागराज और कप्तान पटेल निवासी पूरेसर नवाबगंज प्रयागराज को हंडिया बाईपास ओवरब्रिज से 4.600 किलों ग्राम चांदी की सिल्ली के साथ गिरफ्तार किया। आभूषण खपाने वाले स्वर्णकार सुजीत सोनी निवासी सुंदरपुर, लीलापुर प्रतापगढ़ एवं अजय विश्वकर्मा निवासी फरीदपुर नवाबगंज प्रयागराज को टोल प्लाजा सड़क मार्ग प्रतापगढ़ रामनगर धनश्यारी से गिरफ्तार किया। दोनों के पास से चार किलो 667 किलो चांदी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि दो दिनों में लूट की घटना में शामिल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 13.472 किलो चांदी बरामद हुई।