ज्ञानपुर। सोमवार को देर रात से आंधी के साथ शुरु हुई झमाझम बारिश ने सौ गांवों की बिजली व्यवस्था को चरमरा कर रख दिया। वहिदानगर उपकेंद्र के अरता और लालानगर उपकेंद्र से चलने वाले सारीपुर फीडर से जुड़े लगभग सौ गांवों में आपूर्ति 24 घंटे बाद भी नहीं बहाल हो सकी थी। सारीपुरी फीडर के औरंगाबाद, नटवां, शुकुलपुर, लालानगर, सरईंराजपुतानी गांवों के घरेलू कामर्शिय उपभोक्ताओं ने बताया कि एक दशक पूर्व लगे तार-खंभे हल्के हवा-पानी का भार नहीं सह पाते। रात लगभग 10 बजे से प्रभावित हुई बिजली मात्र शार्टसर्किट के चलते बाधित कर दी गई। शिकायत पर काफी दिनों से एक ही उपकेंद्र पर अड्डा जमाने वाले अधिकारी-कर्मचारी फाल्ट बताकर सुधार नहीं कराते हैं। बेमौसम की बारिश और असहनीय उमस में पंखे आदि के न चलने से परेशानी हो रही है। पेयजल संसाधन, मोबाइल, इन्वर्टर जवाब देकर शोपीस नजर आ रहे हैं। इसी तरह वहिदानगर उपकेंद्र से जुड़े अरता फीडर के उपभोक्ताओं ने विभागीय कार्यप्रणाली पर मनमानी आरोप लगाया। इस संबंध में मानसी देवी, निर्भय सिंह, सुशील सिंह ने कहा कि लगभग 40 वर्ष पहले लगे तार समेत अन्य उपकरण पूरी तरह जर्जर हैं जिन्हें नहीं बदला जा रहा है। पहली बरसात में लगभग 10 घंटे से बिजली नहीं मिली। सायं सात बजे आई भी तो दो मिनट बाद ट्रिप कर गई। उपभोक्ताओं अब डीएम से शिकायत कर जर्जर उपकरणों को बदलवाने की मांग करने के लिए मजबूर होंगे। एक्सईएन सदर मनोज कुमार ने कहा कि बारिश के चलते व्यवधान उत्पन्न हुआ है। कर्मचारी सुबह 10 बजे से फाल्ट दूर करने में लगे। जर्जर तारों के सवाल पर शीघ्र ही निजात मिलने का संकेत दिया।