ज्ञानपुर। तपती गर्मी से लोगों को निजात मिलती नहीं दिख रही है। बुधवार को जैसे ही तापमान 41 के पार पहुंचा तो लोग बेहाल हो गए। एक तो तेज धूप और ऊपर से भीषण गर्मी से लोग लोग पसीने से तर बतर होते दिखे। ज्यादा गर्मी के कारण मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। ज्ञानपुर स्थित महाराज चेत सिंह जिला चिकित्सालय में बुधवार को एक दिन में 750 मरीज ओपीडी में पहुंचे, जहां 36 मरीजों को भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने सभी का इलाज करने के बाद खान-पान पर विशेष ध्यान देने और गर्मी से बचने की सलाह दी। अस्पताल में डायरिया और पेट की समस्या को लेकर ज्यादा मरीज पहुंचे। सुबह आठ बजे जब अस्पताल खुला तो उसी समय से ओपीडी में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई। जैसै-जैसे तापमान बढ़ता गया वैसे-वैसे मरीजों की संख्या बढ़ती गई। चिकित्सकों के मुताबिक वैसे तो सभी तरह की मरीज आए लेकिन पेट दर्द, पेट में मड़ोर, उल्टी-दस्त, डायरिया के मरीजों की संख्या अधिक रही। जिनकी स्थिति ठीक रही उन्हें तो दवा देकर तुरंत छोड़ दिया गया, लेकिन 36 मरीज ऐसे मिले जिन्हें पानी चढ़ाने की और अन्य इलाज की जरूरत महसूस हुई तो उन्हें भर्ती कराया गया। सामान्य दिनों में यहां पांच सौ तक ओपीडी होती है, लेकिन गर्मी ज्यादा होने से मरीजों की संख्या 750 तक पहुंच गई। चिकित्सकों के अनुसार गर्मी बहुत ज्यादा है। इसमें सावधानी की जरूरत है। खासकर बच्चों के प्रति अभिभावक कतई लापरवाही न बरतें। चिकित्सक बताते हैं कि फास्ट फूड का सेवन गर्मी के दिनों में नहीं करना चाहिए। ज्यादा से ज्यादा उससे बचने की कोशिश करें। खुले में रखकर दुकानदार बेचते हैं, दिन भर उस पर धूल-मिट्टी बैठती है। घर पर बना पौष्टिक भोजन करें, साथ ही थाली में सलाद और हरी सब्जी जरूर रखें। आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ेगी यानी मौसम में और अधिक बदलाव होने की उम्मीद है। कहीं से सफर करके आएं और अचानक पानी पी लिए तो आप की तबियत खराब हो सकती है। इससे उल्टी-दस्त के मरीज बढ़ते हैं, जिससे व्यक्ति कमजोर हो जाता है, ऐसे में मरीजों को ग्लूकोज, ओआरएस आदि पानी के साथ लेना चाहिए। जिससे उन्हें कमजोरी का एहसास नहीं होगा। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक प्रदीप यादव ने बताया कि इन दिनों गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या ज्यादा है। उल्टी-दस्त, पेट में दर्द, बार-बार बुखार आने, थकान महसूस होने, चक्कर आने की शिकायतें आ रही हैं। ऐसे में धूप से बचें, पौष्टिक भोजन करें। बासी खाना कतई न खाएं।