UP: ई-रिक्शा पलटी, मासूम की मौत, मां-नानी घायल, लाडो को अस्पताल लेकर जा रहे थे परिजन; बोले- नशे में था चालक
UP Accident News: यूपी के भदोही जिले में दर्दनाक हादसे में एक साल की मासूम की माैत हो गई। उसकी मां और नानी घायल हो गईं। पुलिस ने तहरीर लेकर चालक और वाहन को कब्जे में ले लिया है।
विस्तार
Road Accident in Bhadohi: भदोही के गोपीगंज कोतवाली के ककराही रेलवे फाटक के पास अनियंत्रित होकर एक ई-रिक्शा पलट गई। जिसमें एक साल की मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसकी मां और नाली गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों का आरोप है कि ई-रिक्शा चालक नशे में था। जिससे ई-रिक्शा से उसका नियंत्रण नहीं रहा।
कोतवाली क्षेत्र के ककराही रेलवे फाटक के पास शनिवार को सुबह अनियंत्रित होकर टोटो पलट गया। इससे एक साल की मासूम लाडो की मौत हो गई, जबकि उसकी मां कविता (30) निवासी दरूनहां और नानी मंजीता देवी निवासी गोपपुर घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती किया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
चौरी के दरूनहां निवासी प्रद्युम्न की पत्नी कविता (30) अपनी एक साल की बेटी को लेकर मायके गोपपुर आई थी। शनिवार की सुबह वह अपनी मां मंजिता देवी (51) के साथ लाडो को डॉक्टर को दिखाने के लिए ई-रिक्शा से गोपीगंज जा रही थी।
परिजनों में मचा कोहराम
बताया जा रहा है कि ककराही रेलवे क्रासिंग के पास ई-रिक्शा चालक कोईरान गली निवासी राजा का अचानक ई-रिक्शा से अनियंत्रित खो गया और ई-रिक्शा पलट गई। इससे मासूम लाडो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मां और नानी गंभीर रूप से घायल हो गई। बेटी की मौत से मां बेसुध हो गई।
इधर घटना की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ई-रिक्शा चालक और ई-रिक्शा दोनों को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ई-रिक्शा चालक नशे में था। जिससे वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह ने बताया कि ई-रिक्शा और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक नशे में था या नहीं। उसका मेडिकल कराए जाने के बाद पता चल सकेगा।