ज्ञानपुर/सुरियावां। बारिश में मार्गों की बदहाली आम जन की मुसीबत बढ़ा रही है। सड़कों पर फैले कीचड़ से आए दिन साइकिल, बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे। जिला स्तरीय बैठकों में प्रमुख कार्यदाई संस्थाओं में शामिल लोक निर्माण विभाग और जिला पंचायत की ओर से अनुरक्षण कार्य कराने का दावा किया जाता है, लेकिन धरातल पर सब कुछ जस का तस है। जलनिकासी के अभाव में बदहाल पड़े मार्गों पर बारिश का पानी न आगे बढ़ रहा है न पटरियों से नीचे निकल पा रहा है। कई-कई दिनों तक पानी न निकलने से पैदल, साइकिल, बाइक, माल वाहन, गैस वाहन का आवागमन थम जाने से परेशानियां प्रतिदिन बढ़ रही है। जखांव-ज्ञानपुर रोड, अहरा-सरोई मार्ग, सुरियावां ब्लाक कार्यालय रोड, हरिहरपुर-सुरियावां मार्ग सबकुछ बयां कर रहे है। जखांव मार्ग का नवीनीकरण कई वर्ष से न होने के कारण बारिश के दिनों में लोगों का चल पाना मुश्किल है। रविवार को गैस सिलिंडर लादकर गोदाम पर जा रहा ट्रक बीच मार्ग पर धंस जाने से घंटों आवागमन बाधित हो गया। देर शाम तक ट्रैक्टरों से खींचकर ही ट्रक को आगे बढ़ाया जा सका। देवी तिवारी, राजन पांडेय, चंदन शुक्ला, कल्लू शुक्ला, प्रवीण मौर्य, राहुल मौर्या, आयुष, आदि ने बताया कि अहरा से सरोई बाजार को जोड़ने वाला मार्ग विभागीय उपेक्षा के चलते 15 वर्षों बदहाली का दंश झेल रही है। औराई से जौनपुर की सीमा तक पहुंचने वाले इस मार्ग से दिन-रात आम लोगों के अलावा अधिकारियों-कर्मचारियों का आवागमन होता है। बावजूद इसके कोई दुरुस्तीकरण को लेकर गंभीर नहीं हुआ। मोढ़ क्षेत्र से होकर बनकट-बलभद्रपुर, कोछिया को जोड़ने वाले मार्ग की पटरी पर अतिक्रमण और जलनिकास रास्ता न होने से कीचड़युक्त पानी मार्ग पर भरा है। मार्ग पर न लोग पैदल चल पाते हैं न साइकिल से, वाहनों से चलने के लिए एक बार सोचना पड़ता है। समरजीत यादव, डीएम यादव, कमलेश पाल, गुड्डू यादव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग की उपेक्षा से उक्त समस्या बनी है। निरीक्षण कर नवीनीकरण करा दिया जाए तो राहगीरों की राह आसान हो जाएगी। इसी तरह निगोह-सुरियावां रोड स्थित सुरियावां ब्लाक कार्यालय के ठीक सामने दो फिट तक जमा रहने वाला पानी दुर्घटनाओं को बढ़ावा दे रहा है। रामचंदर, वीरेंद्र कुमार, दिनेश कुमार, उमाकांत, राधेश्याम, रमाकांत ने बताया कि उक्त समस्या से डीएम आर्यका अखौरी भी परिचित हैं बावजूद इसके समस्या दूर नहीं हो सकी। एक्सईएन लोक निर्माण विभाग हीरामणि वर्मा ने कहा कि बारिश के चलते मरम्मत कार्य में दिक्क्त हो रही है। बारिश रुकते ही मरम्मत का मार्ग दुरुस्त करा दिया जाएगा।