गोपीगंज। नगर में अघोषित कटौती और पेयजल की समस्या को लेकर क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया। कहा कि लगातार समस्या से लोग जूझ रहे हैं लेकिन अधिकारी शिकायत पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। चेताया समस्या का समाधान नहीं निकाले जाने पर आंदोलन किया जाएगा। नगर के कबूतरनाथ मंदिर अंजही मोहाल स्थित नलकूप नंबर तीन पर लगे ट्रांसफार्मर का केबिल न बदले जाने से यहां के लोगों को बिजली नहीं मिली। इससे पानी का संकट बढ़ गया। रहवासियों के अनुसार, कबूतर नाथ मंदिर के पीछे नलकूप परिसर में लगे ट्रांसफार्मर मे बिजली आपूर्ति के लिए अडंर ग्राउंड तार बिछाया गया था। 11 केवीए का तार लगभग डेढ़ माह से खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद है। ट्रांसफार्मर से अंजही मोहाल, धईकरान मोहाल, पसियान मोहाल सहित अन्य मोहल्लों की बिजली आपूर्ति होती है। कुछ दिन पूर्व ट्रांसफार्मर से भगवतपुर केड़वरिया, महात्मा गांधी लिंक मार्ग व अन्य क्षेत्र का कनेक्शन जोड़ने से लो वोल्टेज की समस्या बनी है। मोहल्ले में पेयजल की समस्या बरकरार है। लो वोल्टेज से नलकूप की सप्लाई भी नहीं हो पा रही है। खराब पड़े केबिल को न बदल कर ट्रांसफार्मर से जुड़े क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था कर रेलवे स्टेशन के पास लगे ट्रांसफार्मर से आपूर्ति की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन करने वालों में पूर्व सभासद शीतला गुप्ता, राजू मौर्या, प्रेमचंद प्रजापति, रवि कुमार गुप्ता, अनिल कुमार जायसवाल, कमलेश मौर्य, लल्लू प्रसाद मौर्या, मनोज कुमार गुप्ता, बीनू उमर वैश्य, लतीफ, रामबाबू भोजवाल, मोहन लाल, राहुल मौर्य आदि शामिल रहे।