UP: जौनपुर से अपहरण किए गए युवक की भदोही में मिली लाश, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के मगरमु गांव निवासी विवेक यादव बीते दो दिनों से अपने गांव से गायब था। उसके पिता श्रीशंकर यादव ने बरसठी थाने में दी तहरीर में कुछ लोगों पर बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उठा ले जाने का आरोप लगाया था।
विस्तार
भदोही के सुरियावां कोतवाली के बीरमपुर गांव में तालाब के पास एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान जौनपुर जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के मगरमु गांव निवासी विवेक यादव (28) के रूप में हुई। दो दिन पहले वह गांव से गायब हुआ था। परिजनों ने बरसठी गांव में युवक के अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व फारेसिंक टीम ने जांच पड़ताल की।
जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र के मगरमु गांव निवासी विवेक यादव बीते दो दिनों से अपने गांव से गायब था। उसके पिता श्रीशंकर यादव ने बरसठी थाने में दी तहरीर में कुछ लोगों पर बेटे के साथ मारपीट करने के बाद उठा ले जाने का आरोप लगाया था। उधर परिजन उसकी तलाश में थे ही कि इस बीच सुरियावां कोतवाली के बीरमपुर गांव के पास तालाब के किनारे विवेक का शव पाया गया। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। तालाब किनारे युवक का शव मिलने की सूचना मिलते ही सनसनी मच गई। काफी प्रयास के बाद उसकी पहचान हो सकी। पुलिस ने उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी। घटना के बाद एएसपी समेत बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने फारेसिंक जांच के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दूसरी तरफ कोतवाली पहुंचे युवक के पिता ने बेटे की अपहरण के बाद हत्या का आरोप लगाया। एडिशनल एसपी डॉ. तेजबीर सिंह ने बताया कि युवक के गायब होने की सूचना उसके परिजनों ने बरसठी थाने में दी थी। जिसके बाद मारपीट व अपहरण का मुकदमा दर्ज था। मामले में युवक को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवक जिले में कैसे पहुंचा, इसकी नहीं है जानकारी
जौनपुर के बरसठी थाने अंतर्गत मगरमु गांव निवासी युवक यहां कैसे पहुंचा। इसको लेकर अभी तक कोई कुछ नहीं बता पा रहा है। दो दिन पहले उसके पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर बेटे के साथ मारपीट और अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। इसके बाद से ही परिजन और पुलिस उसकी तलाश में थे, लेकिन मंगलवार को उसका शव बरामद हुआ।