Cyber Crime: क्रेडिट कार्ड से निकाल लिए सवा दो लाख रुपये, की खरीदारी; साइबर सेल पुलिस ने किया ये काम
Bhadohi News: जांच-पड़ताल के बाद साइबर टीम ने तत्काल फ्लिपकार्ट कंपनी को फोन कर साइबर ठगों के ऑर्डर कैसिंल कराए और पीड़ित को 97 हजार 590 रुपये वापस कराए। हालांकि, अमेजन से संपर्क न होने के कारण अभी शेष पैसे वापस नहीं कराए सके। साइबर टीम शेष पैसों को वापस कराने में जुटी है।
विस्तार
इसके बाद एक ही नंबर व मेल से जुड़े दो क्रेडिट कार्डों के माध्यम से अमेजॉन व फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों से सवा दो लाख की खरीदारी कर ली। पीड़ित ने जब साइबर थाने में सूचना दी तो फ्लिपकार्ट के ऑर्डर तो रद्द करा कर 97 हजार 590 रुपये वापस कराए गए।
साइबर ठग ऑनलाइन ठगी के नए-नए मामले तलाश रहे हैं। कभी लोगों को लालच देकर तो कभी डरा-धमकाकर रुपये ऐंठ लेते हैं। ऐसा ही एक मामला जिले के चौरी थाना क्षेत्र के गोहिलावं गांव निवासी बालेश्वर कुमार के साथ हुआ।
बीते सात मई को ठगों ने उनके नंबर फोन कर क्रेडिट कार्ड अपडेट करने की बात कहीं। बताया कि क्रेडिट कार्ड अपडेट न करने पर आपका खाता बंद हो सकता है। ठगों ने इन्हें एक ऑनलाइन एप डाउनलोड को लिंक दिया। बताया कि इस पर जो भी जानकारी मांगी जा रही है। उसे भर दें। जिससे आपका क्रेडिट कार्ड अपडेट हो जाएगा।
ले ली थी सारी जानकारी
साइबर ठगों के झांसे में आए बालेश्वर ने उसमें अपनी सारी जानकारियां भर दीं। जिसके बाद ठगों ने इनसे ओटीपी ले लिया और एक ही नंबर और ईमेल आईडी से जुड़े क्रेडिट कार्डों बारी-बारी से पैसे निकलने लगे। क्रेडिट कार्ड होने के कारण साइबर ठग कैश नहीं निकाल सके तो उन्होंने अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी ऑनलाइन कंपनियों से खरीदारी करने लगे।
देखते ही देखते ठगों ने करीब दो लाख 24 हजार 858 रुपये निकाल लिए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद जब बालेश्वर को अपने साथ हुए ठगी की जानकारी मिली तो उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रभारी साइबर सेल राजेश सरोज ने बताया कि पीड़ित के अन्य पैसे वापस कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। टीम में सेतांशु शेखर पंकज, अरविंद कुमार यादव, राधेश्याम कुशवाहा, प्रीति सिंह परिहार आदि रहीं।
प्रभारी साइबर सेल राजेश सरोज ने लोगों को आगाह किया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के फ्राड कॉल न उठाएं और अश्लील वीडियो के लिंक पर न जाएं। साइबर क्राइम के शिकार होने पर साइबर हेल्प लाइन नम्बर 1930 पर तत्काल फोन करें। साइबर ठग, ठगी के नए-नए मामले तलाश रहे हैं। ऐसे में हमारी सतर्कता से ही सुरक्षा संभव है।