लालानगर। बिजली विभाग की लापरवाही से किसानों के अरमान जलने लगे हैं। बृहस्पतिवार की सुबह गोपीगंज के चकबसेहू गांव में खंभे से उठी चिंगारी से आठ बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना के करीब एक घंटे बाद अग्निशमन विभाग की टीम पहुंची। जिसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी दिखी। सपा नेत्री ने राजस्व विभाग से पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग की। मौसम गर्म होने के साथ ही तेज पछुआ हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खंभों में जर्जर लटकते तार से निकलने वाली चिंगारी किसानों के छह माह के मेहनत पर पानी फेर दे रही है। बृहस्पतिवार को चकबसेहू गांव में शार्टसर्किट से से लगी आग से किसान चंद्र प्रताप सिंह निवासी चकबेसहूं का चार बीघा, विजय प्रताप सिंह का डेढ़ बीघा, लालजी और बृजलाल निवासी रैपुरी का चार बिस्वा, बंगाली का चार बिस्वा, तीर्थराज का चार बिस्वा जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खेत के मध्य से हाईटेंशन तार गुजरा हुआ और काफी जर्जर है। पूर्व में बिजली विभाग को सूचना दी गई लेकिन तार नहीं बदला गया। जिससे शार्ट सर्किट से फसल जलकर नष्ट हो रही है। सपा नेत्री प्रीती सिंह, डबलू सिंह, अजीत सिंह क्षत्रिय ने फीडर पर तैनात सहायक अभियंता और अवर अभियंता को तत्काल निलंबित कर 50 हजार प्रति बीघा किसानों को दिलाने की मांग शासन-प्रशासन से की। चेतावनी दिया कि अविलंब कोई निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कहा कि हर साल सैकड़ंो बीघे फसल बिजली विभाग की लापरवाही से जलकर नष्ट हो जाती है, लेकिन विभागीय अधिकारी इसको लेकर संजीदा नहीं होते।