गोपीगंज/जंगीगंज। कोतवाली क्षेत्र के सरायजगदीश-फकीरान बस्ती में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक व्यक्ति सात वर्ष की बालिका को लेकर भागने लगा। शोरगुल होने पर ग्रामीणों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पता चला कि वह विक्षिप्त है। बच्चा चोर के अफवाहों से बचने के लिए पुलिस अभिभावकों पर ही तेवर गर्म करती रही। कोतवाली पहुंचे एसपी रामबदन सिंह ने पुलिसकर्मियों को ही फटकार लगाई।
कोइरौना थाना क्षेत्र के मठहां गांव निवासी बबलू सिंह राजमार्ग से सटे गांव सरायजगदीश में दो दिनों से घूम रहा था। मंगलवार को अचानक करीना पुत्री पीर मोहम्मद नामक बालिका को अकेला पाकर पकड़ने की कोशिश कर रहा था, जिस पर बस्तिवासियों की नजर पड़ गई। तब क्या था बच्चा चोर की अफवाह में जुटे दर्जनों लोगों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। ग्रामीण जब उससे नाम-पता पूछा तो अलग-अलग बताने लगा, इससे शक और बढ़ गया। हालांकि काफी हंगामा के बाद उसे चौकी पुलिस के हवाले किया गया। कांस्टेबल राधेश्याम ने उसे कोतवाली गोपीगंज पहुंचाया। जहां एसपी के नेतृत्व में पुलिस बबलू को विक्षिप्त और नशेड़ी बताया। मामले में किसी की ओर से कोई तहरीर भी नहीं दी गई है। पुलिस ने हिदायत दी है कि इस तरह के अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा जिसको लेकर लोग भय में है। एसपी राम बदन सिंह ने कहा कि कुछ लोग बच्चा चोरी का अफवाह फैला रहे हैं, जो समाज के लिए ठीक नहीं है।