ज्ञानपुर। नए साल में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ तेजी गिर रहा है। प्रतिदिन जितने संक्रमित मिल रहे हैं, उससे दोगुने की संख्या में पॉजिटिव मरीज स्वस्थ होकर घर लौट रहे हैं। इसके विपरीत अप्रैल से सितंबर 2020 में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ा था, तो अब तेजी से गिर भी रहा है।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब तक 2225 पहुंच गई है। इसमें रविवार को गंभीर सिंहपुर के मिले दो सगे भाई भी शामिल है। इसमें अभी तक 2150 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट गए। सर्दी में कोरोना संक्रमित मरीजों का ग्राफ दिन प्रतिदिन गिरता जा रहा है। नए साल के पहले दिन यानी एक जनवरी को एक भी मरीज नहीं मिला। जनवरी 2021 के 31 दिन में कुल 32 मरीज मिले। करीब नौ दिन ऐसे रहे जिस दिन एक भी मरीज नहीं मिले। आलम यह है कि एक्टिव केस की संख्या घटकर 15 के करीब पहुंच गई है। मरीजों के मिलने की स्थिति यही रही तो फरवरी के पहले सप्ताह में एक्टिव केस की संख्या नगण्य हो जाएगी। वहीं इसके उलट अप्रैल से सितंबर 2020 तक प्रतिदिन 10 से 25 संक्रमित प्रतिदिन मिल रहे थे। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक सीडीओ विवेक त्रिपाठी, एसीएमओ डॉ. जेपी सिंह समेत 22 की मौत कोरोना से हुई है, जो मरीजों के मिलने के एक फीसदी रहा।