UP: डीएम दफ्तर के सामने टॉवर पर चढ़ा सफाई नियुक्ति का आवेदक, दो घंटे अटकी रही सांस; आंखें नम कर देगा मामला
Bhadohi News: बुजुर्ग के टावर पर चढ़ने की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस प्रशासन भी माैके पर पहुंच गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें नीचे उतारा गया। उन्होंने मीडिया से बातचीत कर अपनी परेशानी बताई।
विस्तार
सफाईकर्मी भर्ती का एक अभ्यर्थी शुक्रवार को जिलाधिकारी दफ्तर के ठीक पास में स्थित मोबाइल टाॅवर पर चढ़ गया। जिले में सफाईकर्मियों के स्थायी भर्ती की मांग को लेकर टॉवर पर चढ़ा अभ्यर्थी दो घंटे तक टॉवर पर चढ़ा रहा। इस दौरान सबकी सांसे अटकी रहीं। काफी हो हंगामा होने के बाद एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य और पुलिसकर्मियों के समझाने के बाद सफाईकर्मी टाॅवर से नीचे उतरे।
जिले के कंसापुर, पूरेदयाल निवासी पंधारी कन्नौजिया (50) शुक्रवार की सुबह कलेक्ट्रेट में पहुंचा। करीब डेढ़ बजे के आसपास वह डीएम दफ्तर के पास स्थित एक मोबाइल टॉवर चढ़ गया। टॉवर के ऊपरी मंजिल पर देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते प्रशासन को भी इसकी खबर लग गई।
मामला डीएम दफ्तर के पास होने के कारण बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी व पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। टॉवर पर चढ़े पंधारी जिले में सफाईकर्मियों के स्थायी नियुक्ति की मांग करने लगा। आरोप लगाया कि हर जिले में स्थायी नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन भदोही में अब तक नहीं हो सकी है। जिससे आवेदन करने वाले अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में हैं। दो घंटे तक वह टॉवर पर ही चढ़ा रहा।
इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस की सांसे अटकी रही। इस बीच एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य मौके पर पहुंचे और उसके समस्या के समाधान को लेकर शासन में पत्र लिखने की बात कही। जिसके बाद किसी तरह वह टॉवर से नीचे उतरा। जिसके बाद लोगों में जान में जान आई।
2008 से लगातार नियुक्ति की कर रहे हैं मांग: पंधारी
टावर से नीचे उतरने के बाद पंधारी कन्नौजिया ने बताया कि 2008 से सफाई कर्मी लगातार स्थाई नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। लेकिन जिले में सफाईकर्मी को स्थायी नहीं किया जा रहा है, जबकि दूसरे जिले से सफाईकर्मी को यहा स्थायी नियुक्ति कर के लाया जा रहा है। हमारी सुनवाई नहीं हो रही है, टावर नीचे उतरने के बाद पुलिस ने व्यक्ति को अपने साथ लेकर गई।