{"_id":"5a3573ac4f1c1b8d698c203c","slug":"91513452460-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मिनी सदन में 25 करोड़ का पुनरीक्षण बजट पास","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मिनी सदन में 25 करोड़ का पुनरीक्षण बजट पास
Updated Sun, 17 Dec 2017 12:57 AM IST
विज्ञापन
ज्ञानपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव की अध्यक्षता में शनिवार को जिला पंचायत सभागार में गहमागहमी के बीच बोर्ड की बैठक हुई। इसमें 25 करोड़ नौ लाख का पुनरीक्षित बजट पास किया गया। इस दौरान पूर्व की बैठकों का ब्यौरा पेश करने के साथ आय-व्यय पर भी प्रकाश डाला गया। जिपं सदस्यों की मांग पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने 10-10 सोलर लाइट देने की घोषणा की। मार्च 2019 तक जिला पंचायत को साढ़े तीन लाख के बचत का अनुमान जताया गया। गोपीगंज, सीतामढ़ी समेत जिले के विभिन्न हिस्सों में जिला पंचायत के जर्जर भवनों एवं दुकानों के मरम्मत की संस्तुति की गई। बोर्ड की बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के लिए सांसद ने सूची मांगी। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को दोपहर साढ़े बारह बजे जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के अभिवादन के साथ बोर्ड की बैठक शुरू हुई। वित्तीय वर्ष 2017-18 के पुनरीक्षित बजट 25 करोड़ नौ लाख 77 हजार के सापेक्ष 25 करोड़ सात लाख व्यय का अनुमान किया गया। वित्तीय वर्ष 2018-19 के मूल बट में विभिन्न निजी स्रोतों के आय 25 करोड़ 91 लाख 63 हजार के सापेक्ष 25 करोड़ 88 लाख 13 हजार व्यय का अनुमान जताया गया। आय के सापेक्ष व्यय के अनुसार 31 मार्च 2019 तक जिला पंचायत को तीन लाख 50 हजार बचत का अनुमान जताया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में व्यवसाय करने वाले 3471 कर दाताओं पर 51 लाख 28 हजार कर आरोपित करने के लिए अनुमोदित किया गया। इस दौरान 2017-18 में चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की संस्तुति पर 16 करोड़ 83 लाख और वर्ष 2018-19 में 20 करोड़ 25 लाख से ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित के विकास कार्य कराने पर चर्चा की गई। जिला पंचायत के संपत्तियों के रख-रखाव पर सदन में चर्चा की गई जिस पर सदन ने अध्यक्ष , अपर मुख्य अधिकारी की समिति बनाकर कार्यवाही करने के लिए प्रस्ताव पारित किया। बैठक में अधिशासी अभियंता बिजली अमर सिंह सदस्यों संग सदन के निशाने पर रहे। जिला पंचायत सदस्यों की मांग पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त ने 10-10 सोलर लाइट देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जन-जन का विकास कराने के लिए कटिबद्ध है। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री हर वर्ग के विकास पर ध्यान दे रहे हैं। इस मौके पर भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी, सीडीओ हरिशंकर सिंह, पीडी आरएन सिंह, बीएसए पीएन श्रीवास्तव, दीवाकर शुक्ल, सुरेश मिश्र, बनवारी लाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन