भदोही। सरकार द्वारा आम जन के लिए चलाई जा रही योजनाओं के प्रति जागरुक करने तथा लोगों तक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय फत्तूपुर में शिविर का आयोजन कर लोगों को सरकार आपके द्वार योजना के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में सीडीओ हरिशंकर सिंह ने विद्यालयों में बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में बताया। स्वच्छता अभियान में लोगों का सहयोग मांगा। कहा कि स्वच्छता किसी एक से नहीं हो सकती। इसलिए जब तक इसमें हर जन का सहयोग नहीं मिलेगा तबतक योजना फलीभूत नहीं होगी। इस दौरान बच्चों एवं ग्रामीणों ने स्वच्छता के लिए जागरुक करते हुए गौरव हर्ष यात्रा निकाली। इस दौरान टीवी डिस्पले पर स्वच्छता संदेश लोगों तक पहुंचाया। शिविर में कौशल मिशन, खादी ग्रामोद्योग, किसान पाठशाला, स्कूल चलो, राष्ट्रीय कृषि तकनीकी परामर्श केंद्रों प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मत्स्य, स्वास्थ्य, दिव्यांग, बाल विकास पुष्टाहार, समाज कल्याण, आदि से जुड़ी योजनाओं का बखान किया गया। जुटी ग्रामीण महिलाओं को महिला हेल्पलाइन के बारे में बताया गया। सीडीओ ने कहा कि इसकी जानकारी रखेंगे तो लाभ भी होगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि न्याय पंचायत स्तर पर जागरूकता गोष्ठी के माध्यम से शासन के विभिन्न योजनाओं से लोगो को जानकारी कराकर उन्हें लाभांवित कराना ही उद्देश्य है। कोई भी पात्र योजनाओं से वंचित न रह जाए। शिविर में डीसी मनरेगा अजीत सिंह, परियोजना निदेशक आरएन सिंह, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी जवाहर लाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरके सिंह, बीएसए पीएन श्रीवास्तव, अचल सिह, बाल विकास परियोजना अधिकारी एके ओझा, एक्सईएन विद्युत रामकुमार आदि लोग मौजूद थे।