{"_id":"5a43f0604f1c1bb34a8b8cb4","slug":"41514401888-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"समाज के अंतिम पंक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
समाज के अंतिम पंक्ति तक लाभ पहुंचाना लक्ष्य
Updated Sat, 26 May 2018 12:28 AM IST
विज्ञापन
ज्ञानपुर। ग्रामोदय अभियान के तहत शुक्रवार को ज्ञानपुर विकास खंड परिसर में सरकार जनता के द्वार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। प्राथमिक विद्यालय बड़वापुर के तीन होनहार छात्रों को पुरस्कृत किया गया। मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह और विशिष्ट अतिथि ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सांसद और विधायक ने प्राथमिक विद्यालय बड़वापुर के प्रतिभाशाली बच्चे अरविंद, ओजस और अर्पिता की पेंटिग और शिक्षण कार्य देखकर प्रभावित हुए और सराहना की। तीनों को साढ़े तीन हजार नकद देकर पुरस्कृत किया। इसके लिए प्रधानाचार्य और ब्लॉक प्रमुख को बधाई दी। सांसद ने कहा कि सरकार की मंशा है कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। इसके लिए अधिकारी मन लगाकर काम करें। उन्होंने प्रधानों से कहा कि वह गांव के तालाबों की खुदाई मनरेगा से कराकर नलकूप और नहर से भरवाएं। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में पात्र लाभार्थियों को समय सीमा के अंदर आवास उपलब्ध कराने के लिए कहा। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही हैं। इस दौरान स्वच्छता ही सेवा है, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधामंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मिशन इंद्रधनुष, कुपोषण से बच्चों की मुक्ति, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री रोजगार योजना के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव ने कहा कि ऐसे आयोजन से विकास को गति मिलेगी। इस मौके पर डीएम राजेंद्र प्रसाद, ज्ञानपुर ब्लॉक प्रमुख मनीष मिश्र, सीडीओ हरिशंकर सिंह आदि रहे।
विज्ञापन