कोरोना संक्रमण चेन तोड़ने के लिए टीकाकरण की रफ्तार तेज कर दी गई है। जहां स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण अभियान जारी है वहीं गांवों, कस्बों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को 45 प्लस वालों को 24 स्वास्थ्य केंद्रों पर 2500 के तहत 1278 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इस दौरान 1193 लोगों ने प्रथम डोज जबकि 85 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई। वहीं 12 स्वास्थ्य केंद्रों पर 1630 लक्ष्य के तहत 1269 युवाओं ने वैक्सीन लगवाया। इस संबंध में नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि जिले में टीकाकरण अभियान तेज कर दिया गया है। अधिक से अधिक नागरिकों को टीका लग सके, इसके लिए बूथों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए बढ़-चढ़कर टीका लगवाएं। न सिर्फ खुद टीका लगवाएं, बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांवों में कैंप लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है। इस क्रम में बृहस्पतिवार को गोपीगंज के ग्रामसभा पूरे झम्मन में लगी कैंप में 52 लोगों ने वैक्सीन लगवाई । इस दौरान वैक्सीन की कमी होने से काफी लोगों को मयूस होकर लौटना पड़ा। गांव निवासी समाजसेवी लालजी यादव ने जिला प्रशासन से वैक्सीन की मांग की जिससे गांव के सभी लोगों को टीकाकरण हो सकें।