{"_id":"5bc7739cbdec2269960bab51","slug":"181539797916-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधि-विधान से पूजी गईं अष्टांग योग की अधिष्ठात्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधि-विधान से पूजी गईं अष्टांग योग की अधिष्ठात्री
Updated Wed, 17 Oct 2018 11:08 PM IST
विज्ञापन
ज्ञानपुर। शारदीय नवरात्र की महाष्टमी पर बुधवार को अष्टांग योग की अधिष्ठात्री महागौरी का विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों से लेकर पूजा पंडालों तक भारी भीड़ उमड़ी। अलग-अलग पंडालों में सजीं मां की मोहक प्रतिमाओं के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालु की कतारें लगी रहीं। तमाम घरों और मंदिरों पर लोगों ने कन्या पूजन कर सुख-सौभाग्य की कामना की। नवरात्र के आठवें दिन देवी मंडप में जगत जननी के महागौरी स्वरूप की उपासना की गई। काली स्वरूप में आईं मां को भगवान शिव ने गंगा छिड़ककर गौर वर्ण किया था। इसके बाद वह महागौरी के नाम से विख्यात हुईं। बुधवार को पूजा महाष्टमी पूजन को लेकर कालीन नगरी का कोना-कोना देवी आराधना में लीन नजर आया। पंडालों में देवी गीत और वैदिक मंत्रोच्चार पूरे दिन गूंजते रहे। मेला देखने वालों की भीड़ से नगरों की सड़कें खचाखच भरी रहीं। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे घूम-घूम कर पूजा पंडालों में मां के सजे दरबार को देख रहे थे। इस दौरान लोगों को प्रसाद वितरण किया जा रहा था। मंदिरों और घरों में लोगों ने कुंवारी कन्याओं का पूजन किया। इस दौरान भोजन कराने के बाद उन्हें दक्षिणा और फल आदि उपहार स्वरूप दिया गया। ज्ञानपुर नगर स्थित हरिहनाथ मंदिर, घोपइला धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी रही। जिले भर में 450 स्थानों पर दुर्गापूजा पंडाल लगाए गए हैं। इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ज्ञानपुर नगर में हरिहरनाथ मंदिर के अलावा दूधनाथ मंदिर, रोडवेज परिसर, हनुमत कुटिया बालीपुर रोड, पुरानी बाजार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, बालीपुर कागभुसुंडी मंदिर, नगर पंचायत गली, छोटा डीह समेत कई स्थानों पर पंडाल लगाकर दुर्गा पूजन किया जा रहा है। हरिओम सेवा समिति रायपुर की ओर से गांव में भव्य पंडाल में दुर्गापूजा की जा रही है। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इसी तरह गोपीगंज, भदोही, औराई, महाराजगंज, बाबूसराय, जंगीगंज, सीतामढ़ी, चौरी, सुरियावां, अभोली, ऊंज समेत जिले भर में दुर्गापूजा की धूम मची रही। भदोही नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में भी देवी भक्ति की धूम है। मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित आदि शक्ति की आराधना के लिए श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा है। सुबह पूजन के बाद शाम को पंडालों में मां के दर्शन का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। वहीं, सड़कों पर भीड़ बढ़ने से हर तरफ जाम की स्थिति रही। स्टेशन रोड, मेनरोड स्थित पूजा पंडालों तथा आनंद नगर स्थित राम जानकी मंदिर के अलावा कटरा बाजार में भारी भीड़ रही। स्टेशन रोड पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पंडाल में और अजिमुल्लाह चौराहे पर स्थित पंडाल की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। नई बाजार, जमुनीपुर, कटरा बाजार, मर्यादपट्टी, रजपूरा, औराई रोड, ज्ञानपुर रोड, चौरी रोड, जलालपुर आदि इलाकों में भी देर रात तक भीड़ उमड़ती रही।
विज्ञापन