भदोही। कोतवाली अंतर्गत शहर के हुलासपुर मोहल्ले से मंगलवार को 11 माह की एक बच्ची माही का अपहरण हो गया। बच्ची की मां आरती दोपहर 3.20 बजे रोती बिलखती कोतवाली पहुंची और पुलिस को अपनी फूल सी बच्ची की गुमशुदगी की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मुख्यालय पर बैठे पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह भी भदोही नगर पहुंच गए। पुलिस की तत्परता से तीन घंटे बाद बच्ची शहर के छितनी तालाब के पास एक महिला के पास मिल गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बच्ची की मां ने गुमशुदगी की बात बताई थी, लेकिन बच्ची के अपने घर से काफी दूर मिलने से पुलिस प्रकरण की जांच इसे अपहरण के एंगल से भी देख रहे हैं। कहा कि बच्ची तो मिल गई है, लेकिन प्रकरण की छानबीन की जा रही है। ताकि हकीकत क्या है, निकल कर सामने आए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 11 माह की बच्ची छितनी तालाब कैसे पहुंच गई। बच्ची की मां अपनी ही सास काजल पर आरोप लगा रही है तो उसके आरोपों में कितनी सच्चाई है, इसका भी पता लगाया जा रहा है। कोतवाल श्रीकांत राय के अनुसार माही के पिता नीरज नट से पत्नी की बैठती नहीं है। परिवार के लोगों की आपसी अनबन के कारण ही बच्ची घर से गायब हो गई। इन तमाम एंगल पर गौर करते हुए महिला और परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ की जा रही है।