भदोही। विद्युत विभाग की सरचार्ज माफी योजना में पंजिकरण तिथि सोमवार को समाप्त होने के बाद मंगलवार को विद्युत विभाग की टीम पुन: वसूली अभियान में लग गई। मंगलवार को नईबाजार में विद्युत टीम के धमकने से अफरा तफरी का आलम रहा। इस दौरान 242 उपभोक्ताओं के कनेक्शन जांचने के बाद 42 लोगों के कनेक्शन काटे गए। अभियान में 7.35 लाख की वसूली भी हुई। अभियान का हिस्सा रहे टाऊन एसडीओ (विद्युत) गोविंद प्रसाद ने बताया कि शासन ने योजना में 25 मार्च अंतिम तिथि निर्धारित की थी। जो समाप्त हो गई है। शासन का निर्देश है अब सख्ती से वसूली की जाए। सघन अभियान चलाने के लिए 4 टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमों को नईबाजार व उससे सटे गुलौरा, जाहिदपुर, नईबाजार मेनरोड व ईदगाह रोड समेत ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाया गया। इस दौरान डोर टू डोर जाकर 242 लोगों की कनेक्शन की जांच और बकाया की स्थिति जांची गई। भुगतान न करने पर 42 लोगों के कनेक्शन काटे गए। बताया कि टाऊन में 10 हजार लोगों ने योजना में पंजीकरण कराया है। सभी जेई को बकायेदारों की सूची देकर कार्रवाई को निर्देशित किया गया है। बताया कि उच्चाधिकारियों ने प्रत्येक जेई से 15 बकाएदारों से वसूली कराने को अथवा कनेक्शन काटने की अपेक्षा की है। अभियान में जेई धर्मेंद्र गुप्ता, विनोद यादव, रामबहादुर भारती, नेहाल खां, पवन कुमार आदि रहे।