बस्ती: प्रेम त्रिकोण में की गई थी प्रीति की हत्या, गेहूं के खेत में मिला था खून से लथपथ शव
एएसपी ने वाल्टरगंज थाने पर खुलासा किया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो जनवरी की सुबह गेहूं के खेत में शव मिला था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गौरा गांव के सिवान में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को एएसपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाने पर बताया कि प्रेम त्रिकोण में गांव के ही युवक ने धारदार हथियार से प्रीति की हत्या की। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
एएसपी ने बताया कि आरोपी अमरजीत यादव व प्रीति के बीच दोस्ती थी। अमरजीत उसे अक्सर यूट्यूब का वीडियो बनाने के लिए बुलाया करता था। एक जनवरी को प्रीति के जन्मदिन पर अमरजीत ने फोन करके केक खिलाने के बहाने खेत में बुलाया। उसी समय प्रीति का पूर्व का दोस्त लालजी आ गया। दोनों को साथ देखकर लालजी आग बबूला हो गया और प्रीति पर धारदार हथियार से वार करने लगा।
अमरजीत मौके से भाग निकला। गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी लालजी ने पुलिस से कबूल किया कि प्रीति से पहले उसकी दोस्ती थी। मगर कुछ दिनों से उसने अमरजीत से दोस्ती कर ली थी। उसने इसके लिए काफी समझाया लेकिन वह नहीं मानी। इससे वह खार खाए हुए था।
पहली जनवरी को दोनों को साथ देखकर आपा खो बैठा और गुस्से में आकर धारदार हथियार से उसके शरीर पर कई बार प्रहार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव छिपाने के लिए कुछ दूर खींच कर खेत में ले जाकर छोड़ दिया। घटना का पर्दाफाश करने के लिए थानाध्यक्ष वाल्टरगंज व स्वाट टीम को 10 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया गया।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, प्रभारी स्वाट टीम राजकुमार पांडेय, गणेशपुर चौकी इंचार्ज जनार्दन प्रसाद, कांस्टेबल राघवेंद्र पांडेय, कामोद कुशवाहा, विनोद यादव, बलवंत यादव, रंजीत कन्नौजिया व स्वाट टीम के कांस्टेबल राकेश कुमार, राकेश यादव, रवि शंकर शाह, धीरज यादव शामिल रहे।
यह था मामला
दो जनवरी को गौरा व गंगापुर गांव की सीमा के निकट गेहूं के खेत में एक अज्ञात युवती की लाश मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। शव की पहचान प्रीति पुत्री राम ब्रिज के रूप में हुई। मृतका की माता सुनीता की तहरीर पर वाल्टरगंज पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही अमरजीत व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशीष श्रीवास्तव ने घटना का पर्दाफाश व जल्द आरोपित की गिरफ्तारी करने की जिम्मेदारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह, प्रभारी स्वाट टीम राजकुमार पांडेय, सीओ सदर आलोक प्रसाद को सौंपी थी।