हरैया। क्षेत्र के नारायनपुर मिश्र गांव में सोमवास्की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए दो लाख के जेवर व 70 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय परिवार के लोग छत व बाहर पेड़ के नीचे सो रहे थे। भोर में जगने पर जब परिजन घर के अंदर पहुंचे तो नजारा देख दंग रह गए। पीड़ित की सूचना पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में थाने पर सूचना दी।
गांव निवासी विजय कुमार कस्बे के महूघाट में एक रेस्टोरेंट में कार्य करता है। उसकी पत्नी आरती के साथ बेटा दुर्गेश व बहु व अन्य परिजन गांव में बने घर में रहते है। सोमवार रात को गर्मी के चलते विजय मायके आई बेटी व पत्नी के साथ दरवाजे के सामने पेड़ के पास व बेटा व बहु छत पर सोने चले गए। रात में चोरों ने घर के पिछले कमरे में लगे दरवाजे की कुंडी काटकर अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन अंदर से सिटकिनी बंद थी। चोरों ने हार्डबोर्ड के दरवाजे को काट डाला और कमरे में दाखिल हो गए। पीड़ित के अनुसार दुर्गेश की पत्नी गर्भवती है जिसके लिए दुर्गेश ने करीब 70 हजार नकद रुपये व्यवस्था कर रखा था। चोर रुपयों के साथ करीब दो लाख के जेवर उठा ले गए। घटना की भनक घर वालो व अगल बगल के लोगों नहीं लग पाई। भोर में करीब साढ़े चार बजे जब घर के लोगों की नींद टूटी और घर में दाखिल हुए तो बिखरे सामान व टूटा दरवाजा देख होश उड़ गए।