फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   Pits dug for four lane road

Basti News: फोरलेन सड़क के लिए खोद दिए गड्ढे... आसपास की 25 हजार आबादी हो रही परेशान

Tue, 27 Feb 2024 12:29 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती
संवाद न्यूज एजेंसी, बस्ती Updated Tue, 27 Feb 2024 12:29 AM IST
विज्ञापन
Pits dug for four lane road
फोटो
विज्ञापन

बड़ेवन से कंपनीबाग तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण की प्रगति धीमी, नागरिकों में रोष
घरों के सामने गड्ढा होने से नहीं निकल पा रहे लोगों के वाहन, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। बड़ेवन से कटरा तक रहने वाले नागरिकों की परेशानी बढ़ गई है। यहां फोरलेन सड़क बनाने के लिए एक तरफ तीन मीटर चौड़ा और तीन फुट गहरा गड्ढ़े खोदकर एक माह से छोड़ दिए गए हैं। इससे घरों से सड़क तक पहुंचना लोगों का मुहाल हो गया है। निर्माण कार्य की प्रगति बेहद धीमी होने से गड्ढों में गिट्टियां नहीं भरी गई हैं।
सड़क के किनारे 300 से अधिक ऐसे घर हैं जिनके दरवाजे के सामने गड्ढे हैं। दो और चार पहिया वाहन कोई भी घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऊपर से खोदाई होने के कारण वाहन चलने के दौरान धूल भी उड़कर घरों और दुकानों में पहुंच रही है। अभिभावक स्कूली बच्चों के घर से बाहर निकलने पर संभलते हुए गड्ढा पार कराकर सड़क तक पहुंचा रहे हैं। यदि बारिश हो गई तो सड़क के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी भर जाएगा। फिर सड़क के किनारे से घरों तक कीचड़ और जलभराव का संकट गहरा जाएगा।
विज्ञापन

घर से निकलने के बाद बुजुर्ग इन गड्ढों में नहीं उतर पा रहे हैं। तबीयत खराब होने के दौरान परिजन उन्हें उठाकर गड्ढा पार कराकर अस्पताल पहुंचा रहे हैं। शुरुआती दौर में लोग दो-चार दिन की समस्या को ध्यान में रखकर चुप रहे। मगर, खोदाई के बाद कार्य न होने से परेशानी बढ़ती गई। एक माह से अधिक का समय हो गया, इन गड्ढों को बड़ेवन से ब्लॉक रोड तक 150 मीटर लंबाई में ही भरा जा सका है। आईटीआई गेट के सामने से कटरा पानी की टंकी तक गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया है। इस बीच लगभग 200 से अधिक घर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

आवास विकास कॉलोनी उत्तरी छोर और कटरा क्षेत्र की लगभग 25 हजार आबादी का निकास बड़ेवन-कटरा मार्ग पर होता है। सड़क के किनारे गड्ढा होने से इन लोगाें का आवागमन बाधित हो गया है। लोग परिवर्तन मार्ग का सहारा ले रहे हैं। आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार, नंदलाल, राम किशोर आदि का कहना है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में कार्य की प्रगति तेज होनी चाहिए। गड्ढा खोदने के तुरंत बाद उसके भराई का कार्य शुरू हो जाना चाहिए था। मगर , ऐसा न किए जाने से आमजन की दुश्वारियां बढ़ गई हैं।
...
जल्दबाजी में खोद दिए गड्ढा, पेड़-खंभे हटे नहीं
कार्य शुरू करने के दबाव में दिसंबर माह के अंत में ठेकेदार ने सड़क निर्माण के लिए लगभग एक किमी लंबाई में सड़क के एक तरफ गड्ढा खोदवाकर छोड़ दिया। कुछ जगहों पर नाम मात्र का डस्ट और गिट्टियां भी गिरा दी गईं, ताकि निर्माण कार्य चालू होना बताया जा सके। इसके बाद फोरलेन की राह में पड़ने वाले खंभे, पेड़, तार अवरोध बन गए। अब गड्ढों को भरने के बजाय अतिक्रमण हटने का इंतजार किया जा रहा है।
..

पेड़ काटने को 39 लाख और खंभे शिफ्टिंग के लिए दिए गए 82 लाख

पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक फोरलेन के निर्माण के लिए राह में पड़ने वाले 136 पेड़ों को काटने के लिए 39 लाख रुपये खर्च करेगा। यह धनराशि वन विभाग को स्थानांतरित की जा चुकी है। बावजूद इसके पेड़ों की कटान नहीं की गई। कई जगहों पर पेड़ निर्माण कार्य में अवरोध बने हैं। इसके अलावा विद्युत खंभों की शिफ्टिंग के लिए 82 लाख रुपये दिए गए हैं। विद्युत निगम ने सड़क के एक तरफ एक भी खंभे और तार नहीं हटाए हैं। केवल निर्माण होने वाली पटरी से कुछ खंभे हटाए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि बिजली तार दौड़ाए जाने की वजह से पेड़ों की कटान नहीं की जा सकी है। फोरलेन की राह में बिछाई गई डेढ़ किमी लंबी पाइप लाइन भी अड़चन बनी है। इसके लिए 1.32 करोड़ रुपये निर्माण एजेंसी ने जल निगम को दिए हैं। मगर, पाइप लाइन नहीं हटाया जा सका है।

...
1.750 किमी लंबाई में बननी है फोरलेन सड़क
कंपनी बाग से बड़ेवन तक 1.750 किमी लंबाई में फोरलेन सड़क बननी है। इसके लिए सड़क के मध्य से दोनों तरफ 11-11 मीटर चौड़ाई की मार्किंग की गई है। सड़क के मध्य से दोनों तरफ 9-9 मीटर चौड़ी हॉट मिक्स प्लांट से सड़क बनेगी। बीच में 52 सेमी चौड़ा डिवाइडर होगा। दोनों किनारों पर दो मीटर में पटरी और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क के निर्माण पर 16.58 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
...
सड़क निर्माण चाहे जब हो, मगर खोदे गए गड्ढों को फौरी तौर पर भर दिया जाए। ताकि लोगों का आना-जाना आसान हो जाए।
दिलीप सिंह, अधिवक्ता
...
घरों के सामने गड्ढा हो जाने से हम लोग अपना चार पहिया वाहन घर तक नहीं ला पा रहे हैं। दो-चार दिन की समस्या हो तो कोई बात नहीं, इसमें काफी लेटलतीफी हो रही है।

इरशाद अहमद, कटरा
...
कोट
फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसमें प्रगति लाने के लिए अवरोध हटवाए जा रहे हैं। जहां तक गड्ढों की बात है तो इसे जल्द भरवा दिया जाएगा।
-इं. अवधेश प्रसाद, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-एक
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed