खाद्यान्न गोदाम पर कोटेदारों का प्रदर्शन
पैकोलिया (बस्ती)। क्षेत्र के सेमरा स्थित गौर ब्लाक के खाद्यान्न गोदाम पर क्षेत्र के कोटेदारों ने प्रदर्शन कर एसएमआई को तीन सूत्री ज्ञापन दिया। बृहस्पतिवार को सुबह गौर क्षेत्र की हाट शाखा बभनान सेमरा पर कोटेदार नागेन्द्र सिंह उर्फ सिंटू तथा कोटेदार संघ के ब्लाक अध्यक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में कोटेदारो का जमावड़ा शुरू हुआ। बड़ी संख्या में पहुंचे कोटेदारों ने एसएमआई के विरुद्ध प्रदर्शन कर खाद्यान्न तौल कर दिए जाने, चौदह महीने का किराया भुगतान कराने और शासन की मंशा के अनुरूप डोर स्टेप डिलीवरी कराने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। गोदाम से 16 मार्च से निकासी होनी थी, लेकिन नियमानुसार उठान न होने से कोटेदारों ने प्रदर्शन किया है। इस मौके पर कोटेदार शिवम अग्रहरि, राजेश कुमार, लवकुश शुक्रवार, निजामुद्दीन, योगेश शुक्ल आदि मौजूद रहे। गोदाम प्रभारी राम सुरेश वर्मा ने बताया कि कोटेदारों की मांग के अनुसार ही निकासी की जा रही है। व्यवस्थागत कमियों को दूर कर लिया जाएगा।