Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Basti News ›   Headmaster-in-charge suspended over irregularities in repair work

Basti News: हेल्थ एटीएम बीमार...कैसे हो मरीजों के खून की जांच, मरीजों को करना पड़ रहा इंतजार

Fri, 13 Nov 2026 01:30 AM IST
Gorakhpur Bureau गोरखपुर ब्यूरो
Updated Fri, 13 Nov 2026 01:30 AM IST
विज्ञापन
Headmaster-in-charge suspended over irregularities in repair work
बस्ती। ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को कम समय में खून समेत विभिन्न स्वास्थ्य जांचों की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित हेल्थ एटीएम व्यवस्था जिले में बेपटरी हो गई है। आठ स्वास्थ्य इकाइयों पर लगाई गई मशीनों में छह खराब पड़ी हैं, जबकि शेष दो इकाइयों पर भी रीजेंट और जांच किट की कमी के चलते सभी जांचें नहीं हो पा रही हैं। कहीं तकनीकी खराबी तो कहीं कनेक्टिविटी और प्रशिक्षित कर्मचारियों के अभाव में मशीनों का संचालन प्रभावित है। ऐसे में मरीजों को जांच के लिए पुरानी पैथोलॉजी व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
विज्ञापन


जिले में 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 39 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। इनमें आठ स्वास्थ्य इकाइयों पर हेल्थ एटीएम स्थापित की गई हैं। सीएचसी विक्रमजोत, अमरौली शुमाली, रुधौली, कप्तानगंज और कुदरहा तथा पीएचसी सल्टौआ में मशीनें खराब होने से जांच सुविधा प्रभावित है। वहीं, हर्रैया और कुदरहा में मशीनें क्रियाशील बताई जा रही हैं, लेकिन आवश्यक रीजेंट और किट उपलब्ध न होने से सीमित जांचें ही हो पा रही हैं।
विज्ञापन


हेल्थ एटीएम के माध्यम से ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर, ऑक्सीजन लेवल, पल्स रेट, वजन और बीएमआई समेत करीब 48 तरह की जांच पांच से 15 मिनट में उपलब्ध कराने की योजना थी। इसके लिए स्ट्रिप, केमिकल, रीजेंट और प्रशिक्षित कर्मचारियों की जरूरत होती है। लेकिन स्थापना के बाद मशीनों के रखरखाव और आवश्यक सामग्री की नियमित आपूर्ति पर ध्यान नहीं दिया गया। नतीजतन लाखों रुपये की लागत से स्थापित यह व्यवस्था मरीजों के लिए उपयोगी साबित नहीं हो पा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


विक्रमजोत संवाद के अनुसार, सीएचसी में हेल्थ एटीएम दो से तीन वर्षों से बंद है। मशीन की चिप खराब होने के बाद से इसका संचालन ठप है। कई बार सूचना देने के बावजूद चिप उपलब्ध नहीं कराई गई। चिकित्साधिकारी डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि मशीन ठीक कराने के लिए टेक्नीशियन और नई चिप की जरूरत है।
सल्टौआ पीएचसी में स्थापना के बाद से ही मशीन खराब पड़ी है। लैब टेक्नीशियन राकेश के मुताबिक, अब तक इससे एक भी जांच नहीं हो सकी है। मैन्युअल जांच में एक घंटे से अधिक समय लगता है, जबकि हेल्थ एटीएम से करीब 15 मिनट में रिपोर्ट मिल सकती है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अमित कन्नौजिया ने बताया कि मशीन ठीक कराने के लिए कई बार पत्र लिखा जा चुका है।

रुधौली संवाद के अनुसार, सीएचसी में चार वर्ष पहले स्थापित मशीन शुरुआती चार महीने ही ठीक से चल सकी। इसके बाद तकनीकी खराबी आ गई। बीच में कुछ दिनों तक संचालन हुआ, लेकिन अब कनेक्टिविटी की समस्या से अधिकांश जांचें बंद हैं। फिलहाल केवल उच्च रक्तचाप और मधुमेह संबंधी जांच हो पा रही हैं। अधीक्षक आनंद मिश्रा ने बताया कि पहले मशीन संचालन की जिम्मेदारी एलटी पंकज पांडेय के पास थी। उनके स्थानांतरण के बाद दूसरे कर्मचारी को जिम्मेदारी दी गई, लेकिन तकनीकी समस्या दूर नहीं हो सकी। अमरौली शुमाली और हर्रैया में भी आवश्यक जांच किट और रीजेंट की कमी से मरीजों को पूरी सुविधा नहीं मिल पा रही है।

मरीजों को निजी जांच केंद्रों का लेना पड़ रहा सहारा

हेल्थ एटीएम बंद होने से ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को सामान्य पैथोलॉजी में जांच के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। कई मरीज निजी जांच केंद्रों का सहारा लेने को मजबूर हैं। सल्टौआ में इलाज कराने पहुंचे मुकेश कुमार ने बताया कि खून की जांच कराने में घंटों लग जाते हैं। मशीन चालू रहती तो समय की बचत होती। रुधौली की नीलम और धवरहरा की गीता ने भी सभी जांचें हेल्थ एटीएम से शुरू कराने की मांग की।


परिवार नियोजन कक्ष में रखी गई खराब मशीन

कप्तानगंज। सीएचसी में हेल्थ एटीएम कई महीनों से खराब है। मशीन को निर्धारित स्थान से हटाकर परिवार नियोजन कक्ष में रख दिया गया है। इससे मरीजों को शुगर, बीपी और पल्स समेत अन्य जांचों की सुविधा नहीं मिल पा रही है। तत्कालीन डीएम प्रियंका निरंजन ने मशीन का उद्घाटन किया था। सीएचसी प्रभारी डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि मशीन खराब है। इसे ठीक कराने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन अब तक तकनीशियन नहीं पहुंचा। बैहार के वीरेंद्र ओझा और मरवटिया पांडेय के दिलीप पांडेय ने मशीन को जल्द चालू कराने की मांग की है।




कभी-कभी रीजेंट की कमी हो सकती है, लेकिन इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने का प्रयास किया जाता है। मरीजों को जांच में परेशानी न हो, इसके लिए पैथोलॉजी में आधुनिक मशीनें उपलब्ध हैं। खराब हेल्थ एटीएम ठीक कराने के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र भेजा जाएगा। रीजेंट और जांच किट भी मंगवाई जाएगी।

डॉ. राजीव निगम, सीएमओ, बस्ती
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed