बस्ती में दर्दनाक हादसा: ट्रक की चपेट में आने से पिता और दो बेटियों की मौत
तीनों के रातभर घर नहीं पहुंचने से परेशान परिजनों के खोजबीन करने पर साेमवार की सुबह हादसे की जानकारी मिली। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गया था।
विस्तार
बभनान-गौर मार्ग पर रविवार रात दर्दनाक हादसे में पिता और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई। तीनों बाइक से गांव में आयोजित भंडारे में भोजन करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान बभनान से गौर की ओर जा रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा घर से महज 200 मीटर पहले हुआ। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
कोठवा गांव निवासी राजेश यादव उर्फ राजन रविवार रात अपनी 10 वर्षीय बेटी शिवांगी और छह वर्षीय मानवी के साथ रामपुर गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होने गए थे। भोजन करने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। बभनान-गौर मार्ग पर घर के पास पहुंचने से पहले ही उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
रातभर घर नहीं पहुंचे पिता और बेटियों की तलाश में परिजन परेशान रहे। सोमवार सुबह पता चला कि ट्रक की चपेट में आने से तीनों की मौत हो गई है। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे गहरी खाई में गिर गया था। सोमवार सुबह तीनों के शव ट्रक के नीचे मिले।
सूचना पर गौर और पैकोलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ट्रक को खाई से निकलवाने में जुटी रही। ट्रक में पशु आहार लदा हुआ था। ट्रक निकालने के लिए प्रशासन ने बभनान-भिटिया मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात रोक दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।